देश की खबरें | कांग्रेस नेतृत्व के साथ सिद्धरमैया और शिवकुमार ने की चर्चा, शनिवार को मंत्रिमंडल विस्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उप मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने शुक्रवार को भी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ चर्चा की और अब शनिवार को मंत्रिमंडल विस्तार होगा।
नयी दिल्ली, 26 मई कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उप मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार ने शुक्रवार को भी पार्टी के शीर्ष नेतृत्व के साथ चर्चा की और अब शनिवार को मंत्रिमंडल विस्तार होगा।
सिद्धरमैया और शिवकुमार ने सोनिया गांधी के आवास 10 जनपथ पहुंचकर उनसे और राहुल गांधी से मुलाकात की।
उधर, राहुल गांधी ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के साथ मुलाकात की।
कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने कर्नाटक मंत्रिमंडल के विस्तार को लेकर राज्य के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया और उपमुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार के साथ बृहस्पतिवार को विस्तृत चर्चा की थी।
यह पूछे जाने पर कि क्या शनिवार को मंत्रिमंडल विस्तार होगा तो शिवकुमार ने कहा, ‘‘ऐसी आशा करता हूं।’’
कांग्रेस महासचिव और पार्टी प्रभारी रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ‘‘सिद्धरमैया ने पार्टी के साथ चर्चा की है, लेकिन मंत्रिमंडल को लेकर फैसला वही करेंगे। उन्होंने कई नामों पर चर्चा की है। उन्होंने मुझे बताया कि मंत्रिमंडल विस्तार कल (शनिवार) को होगा।’’
उधर, कर्नाटक के मंत्री के एच मुनियप्पा ने बेंगलुरु में कहा कि राज्य मंत्रिमंडल का विस्तार शनिवार दोपहर को होगा और विभागों का बंटवारा भी शाम तक हो जाएगा।
मुनियप्पा ने यह भी कहा कि चार या पांच मंत्री पदों को छोड़कर शेष पदों को एक ही दिन भर दिया जाएगा। मंत्री के अनुसार, मंत्रिमंडल में वरिष्ठ और युवा नेताओं का संयोजन होगा।
सूत्रों ने बताया कि कर्नाटक मंत्रिमंडल में करीब 20 और मंत्रियों को शामिल किये जाने की संभावना है।
मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, उप मुख्यमंत्री शिवकुमार और आठ मंत्रियों ने गत 20 मई को शपथ ली थी। हालांकि, मंत्रियों को विभागों का बंटवारा अब तक नहीं किया गया है।
कर्नाटक सरकार के मंत्रिमंडल में अधिकतम 34 सदस्य हो सकते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 26, 2023 08:34 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

