देश की खबरें | सिविल सेवा में शुभम कुमार ने हासिल किए सर्वश्रेष्ठ 52.04 प्रतिशत अंक

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शुभम कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित सिविल सर्विसेज परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ 52.04 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं, दूसरे स्थान पर रहीं जागृति अवस्थी को 51.95 प्रतिशत अंक मिले।

नयी दिल्ली, 29 सितंबर शुभम कुमार ने संघ लोक सेवा आयोग (यूपीएससी) द्वारा आयोजित सिविल सर्विसेज परीक्षा में सर्वश्रेष्ठ 52.04 प्रतिशत अंक प्राप्त किए। वहीं, दूसरे स्थान पर रहीं जागृति अवस्थी को 51.95 प्रतिशत अंक मिले।

परीक्षा में कुल 761 उम्मीदवार उत्तीर्ण हुए हैं, जिनमें 545 पुरुष और 216 महिलाएं हैं। परिणाम शुक्रवार को आयोग द्वारा घोषित किए गए थे।

सिविल सर्विसेज परीक्षा का आयोजन प्रति वर्ष यूपीएससी तीन चरणों में करता है, जिनमें प्रारंभिक परीक्षा, मुख्य परीक्षा और साक्षात्कार शामिल हैं। इन परीक्षाओं के माध्यम से भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस), भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) और भारतीय पुलिस सेवा (आईपीएस) सहित कई अन्य सेवाओं के लिए उम्मीदवारों का चयन होता है।

शुभम कुमार ने कुल 1,054 अंक, जागृति ने कुल 1,052 अंक हासिल किए। परीक्षा में अंकिता जैन 1,051 अंकों के साथ तीसरे स्थान पर और यश जालुका 1,042 अंक के साथ चौथे स्थान पर रहे।

सिविल सर्विसेज प्रारंभिक परीक्षा, 2020 का आयोजन पिछले वर्ष चार अक्टूबर को हुआ था।

आयोग ने एक बयान में बताया गया कि 10,40,060 उम्मीदवारों ने परीक्षा के लिए आवेदन दिया था जिनमें से 4,82,770 परीक्षा में बैठे। मुख्य परीक्षा के लिए 10,564 उम्मीदवार उत्तीर्ण हुए जिसका आयोजन जनवरी 2021 में हुआ। इनमें से 2053 उम्मीदवार साक्षात्कार के लिए चुने गए। 761 उम्मीदवारों में से 25 दिव्यांग हैं। सफल उम्मीदवारों में से 263 सामान्य श्रेणी के, 86 आर्थिक रूप से पिछड़े वर्ग (ईडब्ल्यूएस) के, 220 अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के, 122 अनुसूचित जाति (एससी) से और 61 अनुसूचित जनजाति से हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\