एजेंसी न्यूज

मेघालय में सोमवार से खुलेंगी दुकानें, चलेंगे वाहन

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री सी़ के़ संगमा की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में यह फैसला लिया गया।

मेघालय में सोमवार से खुलेंगी दुकानें, चलेंगे वाहन
जमात

शिलॉन्ग, 10 मई मेघालय सरकार ने राजधानी शिलॉन्ग को छोड़कर अन्य जगहों पर सोमवार से दुकानों को फिर से खोलने और वाहनों को चलाने की अनुमति दे दी है। शिलॉन्ग में अब भी कोविड-19 के दो मरीज हैं।

आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि मुख्यमंत्री सी़ के़ संगमा की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में यह फैसला लिया गया।

उपमुख्यमंत्री प्रिस्टन टिनसोंग ने शनिवार को बताया, ‘‘उपायुक्तों और जिला परिवहन अधिकारियों को बारी-बारी से सार्वजनिक और निजी वाहन चलाने की रूपरेखा तैयार करने के लिए कहा गया है।’’

सभी यात्री वाहनों को 50 फीसदी सीटें ही भरने के लिए कहा गया है।

टिनसोंग ने कहा कि शिलॉन्ग में सरकार ने ऑटोमोबाइल और स्टेशनरी दुकानों को सामाजिक दूरी के नियमों का पालन करते हुए फिर से खोलने की अनुमति दी है।

उन्होंने बताया कि हालांकि ये रियायतें दो मुख्य वाणिज्यिक केंद्रों लेवदुह बाजार और खिन्डैलाड बाजार पर अभी के लिए लागू नहीं होती हैं।

इस बीच, राज्य ने असम में दो अस्पतालों में हाल ही में जाने वाले लोगों को अनिवार्य रूप से घर पर पृथक-वास में रहने के आदेश दिए हैं जहां इस बीमारी से एक व्यक्ति संक्रमित पाया गया और एक व्यक्ति की मौत हो गई।

गुवाहाटी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में परास्नातक की एक छात्रा सात मई को कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई थी।

उसी दिन गुवाहाटी के डॉ. बी बरुआ कैंसर संस्थान में कोविड-19 से एक व्यक्ति की मौत हो गई।

टिनसोंग ने कहा, ‘‘असम में दोनों अस्पतालों में जाने वाले लोगों से 108 हेल्पलाइन नंबर पर फोन करने का अनुरोध किया जाता है ताकि उन्हें घर पर पृथक रहने संबंधी आवश्यक दिशा निर्देश दिए जा सकें।’’

शनिवार को मेघालय में एक व्यक्ति कोविड-19 से संक्रमित पाया गया था जिससे राज्य में संक्रमितों की संख्या 13 हो गई है।

इनमें से 10 लोग स्वस्थ हो गए हैं और दो लोग अब भी संक्रमित हैं जिनका इलाज चल रहा है। एक व्यक्ति की पिछले महीने मौत हो गई थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 10, 2020 01:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).