विशाखापत्तनम में गैस रिसाव की घटना से स्तब्ध और दुखी: दक्षिण कोरियाई राजदूत
संयंत्र का स्वामित्व दक्षिण कोरियाई पेट्रोकैमिकल कंपनी एलजी केम. के पास है।
नयी दिल्ली, सात मई दक्षिण कोरिया के राजदूत शिन बोंग-किल ने बृहस्पतिवार को कहा कि वह विशाखापत्तनम में एक रसायनिक संयंत्र से गैस रिसाव की घटना को लेकर ‘‘स्तब्ध और दुखी’’ हैं जिसमें करीब 11 व्यक्तियों की मौत हो गई और करीब 1000 बीमार हैं।
संयंत्र का स्वामित्व दक्षिण कोरियाई पेट्रोकैमिकल कंपनी एलजी केम. के पास है।
शिन ने कहा, ‘‘वेंकटपुरम में एलजी पॉलिमर प्लांट में हुए हादसे की खबर से मैं स्तब्ध और दुखी हूं, जिससे बहुमूल्य जीवन की हानि हुई और कई बीमार पड़ गए।’’
उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘यह एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी और इस दुखद घटना से प्रभावित लोगों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। हम बीमार हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।’’
कंपनी की वेबसाइट के अनुसार संयंत्र की स्थापना 1961 में हिंदुस्तान पॉलिमर्स के रूप में की गई थी। इसे जुलाई 1997 में एलजी केम द्वारा नियंत्रण में ले लिया गया था और एलजी पॉलिमर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एलजीपीआई) नाम देकर फिर से शुरू किया गया था।
वहीं एलजी केम लिमिटेड ने कहा कि गैस रिसाव को नियंत्रित कर लिया गया है और कंपनी दुर्घटना की जांच कर रही है।
उसने एक बयान में कहा, ‘‘गैस रिसाव अब नियंत्रण में है लेकिन रिसाव हुई गैस से लोगों को मिचली आने और चक्कर आने की दिक्कत हो सकती है। इसलिए हम यह सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक प्रसास कर रहे हैं उचित इलाज तेजी से मुहैया कराया जाए।’’
उसने कहा, ‘‘हम इसकी जांच कर रहे हैं कि कितनी क्षति हुई है तथा रिसाव और मौतों का वास्तविक कारण क्या है।’’
राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के महानिदेशक एस एन प्रधान ने कहा कि गैस रिसाव के कारण 11 लोगों की जान चली गई है और 20-25 लोग गंभीर स्थिति में हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2020 06:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

