एजेंसी न्यूज

विशाखापत्तनम में गैस रिसाव की घटना से स्तब्ध और दुखी: दक्षिण कोरिया

विशाखापत्तनम में आर आर वेंकटपुरम गांव स्थित एलजी पॉलिमर्स रसायनिक संयंत्र से जहरीली स्टाइरीन गैस के रिसाव के कारण कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और लगभग 1,000 बीमार हो गए।

विशाखापत्तनम में गैस रिसाव की घटना से स्तब्ध और दुखी: दक्षिण कोरिया
जमात

नयी दिल्ली, सात मई दक्षिण कोरिया ने विशाखापत्तनम में दक्षिण कोरियाई पेट्रोकैमिकल्स कंपनी एलजी केम लिमिटेड के स्वामित्व वाले एक रसायनिक संयंत्र में गैस रिसाव की घटना को लेकर दुख जताया और इसे ‘‘अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण’’ करार दिया।

विशाखापत्तनम में आर आर वेंकटपुरम गांव स्थित एलजी पॉलिमर्स रसायनिक संयंत्र से जहरीली स्टाइरीन गैस के रिसाव के कारण कम से कम 11 लोगों की मौत हो गई और लगभग 1,000 बीमार हो गए।

दक्षिण कोरिया के राजदूत शिन बोंग-किल ने कहा, ‘‘वेंकटपुरम में एलजी पॉलिमर्स प्लांट में हुए हादसे की खबर से मैं स्तब्ध और दुखी हूं, जिससे बहुमूल्य जीवन की हानि हुई और ढेर सारे बीमार पड़ गए।’’

उन्होंने एक बयान में कहा, ‘‘यह एक बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना थी और इस दुखद घटना से प्रभावित लोगों के प्रति हमारी गहरी संवेदना है। हम बीमार हुए लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं।’’

कंपनी की वेबसाइट के अनुसार संयंत्र की स्थापना 1961 में हिंदुस्तान पॉलिमर्स के रूप में की हुई थी। इसे जुलाई 1997 में एलजी केम द्वारा नियंत्रण में ले लिया गया था और एलजी पॉलिमर्स इंडिया प्राइवेट लिमिटेड (एलजीपीआई) नाम देकर फिर से शुरू किया गया था।

वहीं एलजी केम लिमिटेड ने कहा कि गैस रिसाव को नियंत्रित कर लिया गया है और कंपनी दुर्घटना की जांच कर रही है।

उसने एक बयान में कहा, ‘‘गैस रिसाव अब नियंत्रण में है लेकिन रिसाव हुई गैस से लोगों को मिचली आने और चक्कर आने की दिक्कत हो सकती है। इसलिए हम यह सुनिश्चित करने के लिए पूरा प्रसास कर रहे हैं उचित इलाज तेजी से मुहैया कराया जाए।’’

उसने कहा, ‘‘हम इसकी जांच कर रहे हैं कि कितनी क्षति हुई है तथा रिसाव और मौतों का वास्तविक कारण क्या है।’’

कंपनी ने कहा कि संयंत्र का संचालन कोरोना वायरस लॉकडाउन के चलते निलंबित था और दुर्घटना में उसके किसी भी कर्मचारी की मृत्यु नहीं हुई है।

रिसाव को कंपनी के उस कर्मचारी ने देखा जो कथित तौर पर मशीनों का फिर से शुरू करने के लिए निरीक्षण कर रहा था। कर्मचारी ने रिसाव देखने पर शोर मचाया।

राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) के महानिदेशक एस एन प्रधान ने कहा कि गैस रिसाव के कारण 11 लोगों की जान चली गई है।

विशाखापत्तनम में पुलिस ने कहा कि दुर्घटना में मृतक संख्या बढ़ सकती है क्योंकि कम से कम 20 लोग वेंटीलेटर पर हैं, साथ ही 246 लोगों का विभिन्न स्वास्थ्य दिक्कतों के लिए विशाखापत्तनम के किंग जॉर्ज अस्पताल में इलाज चल रहा है।

आंध्र प्रदेश के उद्योग मंत्री एम गौतम रेड्डी ने कहा कि एलजी पॉलिमर्स इकाई लॉकडाउन के बाद बृहस्पतिवार को खुलने वाली थी।

उन्होंने कहा, ‘‘हम (दक्षिण कोरियाई) कंपनी के शीर्ष प्रबंधन से सम्पर्क करने का प्रयास कर रहे हैं...हमारी तत्काल प्राथमिकता रिसाव को रोकना और प्रभावित लोगों को उचित चिकित्सा सुविधा मुहैया कराना है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 07, 2020 08:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).