देश की खबरें | शिवकुमार ने कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का कार्यभार संभाला
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने इस पद पर नियुक्ति के तीन महीने से अधिक समय बाद बृहस्पतिवार को आधिकारिक रूप से पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख के तौर पर कार्यभार संभाल लिया ।
बेंगलुरू, दो जुलाई कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डी के शिवकुमार ने इस पद पर नियुक्ति के तीन महीने से अधिक समय बाद बृहस्पतिवार को आधिकारिक रूप से पार्टी की प्रदेश इकाई के प्रमुख के तौर पर कार्यभार संभाल लिया ।
शिवकुमार के प्रदेश अध्यक्ष का कार्यभार संभालने के दौरान एक समारोह का आयोजन किया गया । इसे 'प्रतिज्ञा दिवस' के रूप में मनाया गया । इस दौरान पार्टी के तीन कार्यकारी अध्यक्षों -ईश्वर खांद्रे, सलीम अहमद एवं सतीश जरकिहोली - ने भी कार्यभार संभाला ।
इस कार्यक्रम के बारे में कहा जा रहा है कि लाखों लोगों ने 15 हजार स्थानों से इंटरनेट के माध्यम से इसे देखा ।
कोरोना वायरस संक्रमण की रोकथाम के लिये जारी प्रतिबंधों के मद्देनजर इस कार्यक्रम का आयोजन पार्टी के नए कार्यालय भवन में किया गया।
पार्टी के नेताओं और कैडर को एक साथ लाने के उद्देश्य से पूरे प्रदेश में पंचायत एवं वार्ड स्तर पर व्यवस्था की गयी थी ताकि नेता एवं कार्यकर्ता इस कार्यक्रम का टीवी पर सीधा प्रसारण, जूम, यू ट्यूब एवं सोशल मीडिया के माध्यम से देख सकें ।
आधिकारिक तौर पर प्रदेश अध्यक्ष का पदभर ग्रहण करने के लिये आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेश गुंडू राव ने अपने उत्तराधिकारी शिवकुमार को कांग्रेस का झंडा सौंपा ।
कोरोना वायरस की रोकथाम के लिये लागू लॉकडाउन के कारण तीन बार रद्द किये जाने के बाद यह कार्यक्रम बृहस्पतिवार को आयोजित किया गया ।
कांग्रेस आला कमान ने 11 मार्च को पार्टी के छह बार के विधायक तथा संकट के दौर में पार्टी के संकटमोचक के तौर पर मशहूर शिवकुमार को दिनेश गुंडू राव के स्थान पर कर्नाटक प्रदेश कांग्रेस का अध्यक्ष नियुक्त किया था ।
कर्नाटक में पिछले साल दिसंबर में हुये उप चुनाव में 15 सीटों में से केवल दो सीट पार्टी को मिलने के बाद राव ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद छोड़ दिया था ।
इस मौके पर पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी का लिखित संदेश पार्टी महासचिव के सी वेणुगोपाल ने पढ़ कर सुनाया, जिसमें उन्होंने प्रौद्योगिकी का इस्तेमाल कर कार्यकर्ताओं एवं नेताओं को जुटाने के कार्य की सराहना की ।
कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने शिवकुमार से टेलीफोन पर बातचीत की और उनसे कहा कि वह सबको साथ लेकर पार्टी की सफलता के लिये काम करें ।
वेणुगोपाल, कर्नाटक विधानसभा में विपक्ष के नेता सिद्धरमैया, वरिष्ठ नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, पूर्व प्रदेश अध्यक्षों, पूर्व एवं मौजूदा पार्टी विधायकों, सांसदों, पड़ोसी राज्यों के कांग्रेस नेताओं एवं अन्य लोगों ने वीडियो कांफ्रेंस के माध्यम से इस कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुये शिवकुमार ने संकल्प लिया कि वह कांग्रेस को कर्नाटक में कैडर आधारित पार्टी बनायेंगे । उन्होंने कहा कि वह केवल एक पार्टी कार्यकर्ता हैं और सामूहिक नेतृत्व में विश्वास करते हैं ।
शिवकुमार ने कहा, 'एक साथ आना शुरूआत है, एक साथ सोचना प्रगति है और एक साथ काम करना सफलता है ।'
कांग्रेस नेता ने धन शोधन मामले में अपनी गिरफ्तारी को याद करते हुये कहा कि उस दौरान उन्हें खारिज किया जा रहा था, लेकिन सोनिया गांधी ने उन्हें इस पद के लिये चुना ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)