ताजा खबरें | शिवसेना ने मुंबई उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट से रवींद्र वायकर को बनाया उम्मीदवार
Get latest articles and stories on Latest News at LatestLY. शिवसेना ने मंगलवार को मुंबई उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट से रवींद्र वायकर को अपना उम्मीदवार बनाया। पार्टी के नेताओं ने यह जानकारी दी।
मुंबई, 30 अप्रैल शिवसेना ने मंगलवार को मुंबई उत्तर पश्चिम लोकसभा सीट से रवींद्र वायकर को अपना उम्मीदवार बनाया। पार्टी के नेताओं ने यह जानकारी दी।
मुंबई के जोगेश्वरी से विधायक वायकर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने से पहले शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे के करीबी सहयोगी थे।
पार्टी सचिव संजय मोरे ने कहा कि वायकर को शिवसेना ने मुंबई उत्तर पश्चिम सीट से मैदान में उतारा है।
मुंबई उत्तर पश्चिम सीट पर वायकर का मुकाबला शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के अमोल कीर्तिकर से होगा।
पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा और उसकी तत्कालीन सहयोगी शिवसेना (अविभाजित) ने मुंबई की कुल छह में से तीन-तीन सीटें जीती थीं।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस बार मुंबई में अपने तीनों मौजूदा सांसदों को दोबारा टिकट नहीं दिया है।
भाजपा ने मुंबई उत्तर सीट पर गोपाल शेट्टी की जगह पीयूष गोयल, मुंबई उत्तर पूर्व सीट पर मनोज कोटक की जगह मिहिर कोटेचा और मुंबई उत्तर मध्य सीट पर पूनम महाजन की जगह वकील उज्ज्वल निकम को अपना उम्मीदवार बनाया है।
शिवसेना ने मुंबई दक्षिण, मुंबई दक्षिण मध्य और मुंबई उत्तर पश्चिम में जीत हासिल की थी।
शिवसेना में साल 2022 में विभाजन होने के बाद मुंबई दक्षिण मध्य के सांसद राहुल शेवाले और मुंबई उत्तर पश्चिम के सांसद गजानन कीर्तिकर मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में चले गए।
शिवसेना ने शेवाले को और शिवसेना (यूबीटी) ने मुंबई दक्षिण से अरविंद सावंत को फिर से उम्मीदवार बनाया है।
राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा-शिवसेना गठबंधन ने अभी तक मुंबई दक्षिण सीट के लिए अपने उम्मीदवारों की घोषणा नहीं की है।
विपक्षी कांग्रेस ने भी अभी तक मुंबई उत्तर सीट पर अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।
मुंबई की सभी छह लोकसभा सीटों पर 20 मई को मतदान होगा।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 30, 2024 12:14 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

