देश की खबरें | शिवसेना को उम्मीद नहीं थी कि मुर्मू मातोश्री जाएंगी: राउत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रपति चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा करने वाली शिवसेना ने उम्मीद ही नहीं की थी कि वह यहां उद्धव ठाकरे के आवास 'मातोश्री' में उनसे मुलाकात करने जाएंगी। पार्टी ने बृहस्पतिवार को यह बात कही।

मुंबई, 14 जुलाई राष्ट्रपति चुनाव के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा करने वाली शिवसेना ने उम्मीद ही नहीं की थी कि वह यहां उद्धव ठाकरे के आवास 'मातोश्री' में उनसे मुलाकात करने जाएंगी। पार्टी ने बृहस्पतिवार को यह बात कही।

मुर्मू भाजपा सांसदों व विधायकों और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना विधायकों के गुट से मिलने बृहस्पतिवार को मुंबई पहुंचीं।

शिवसेना प्रमुख ठाकरे ने भी मुर्मू को समर्थन देने की घोषणा की थी, लेकिन मुर्मू का उनसे मिलने का कोई कार्यक्रम नहीं है।

इससे पहले आज दिन में शिवसेना के सांसद विनायक राउत ने कहा था कि (ठाकरे गुट के) पार्टी के सांसद और विधायक उस बैठक में शरीक नहीं होंगे, जिसे मुर्मू संबोधित करेंगी।

शिवसेना के सांसद और ठाकरे के विश्वासपात्र संजय राउत ने इस बारे में पूछे जाने पर कहा कि मुर्मू को पार्टी का समर्थन राजनीतिक नहीं है।

उन्होंने कहा, ''हमने मातोश्री आने के लिए उन्हें समर्थन नहीं दिया है। यह राजनीतिक समर्थन नहीं है, बल्कि यह आदिवासी समुदायों के प्रति हमारी भावनाओं को दर्शाता है।'' राउत ने कहा कि पहले भी शिवसेना ने 2007 में प्रतिभा पाटिल और 2012 में प्रणब मुखर्जी का समर्थन किया था, जब पार्टी भाजपा नीत राजग का हिस्सा थी।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता पाटिल और मुखर्जी दोनों मातोश्री आए थे।

राउत ने कहा कि इस बार एक बार फिर पार्टी ने अपने सहयोगी दलों कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी से अलग रुख अपनाया है।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\