देश की खबरें | भ्रष्टाचार और भय के कारण शिंदे नीत सरकार बनी: नाना पटोले

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने रविवार को आरोप लगाया कि राज्य में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार भ्रष्टाचार और भय के कारण अस्तित्व में आई।

नांदेड़ (महाराष्ट्र), 13 नवंबर कांग्रेस की महाराष्ट्र इकाई के अध्यक्ष नाना पटोले ने रविवार को आरोप लगाया कि राज्य में एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली सरकार भ्रष्टाचार और भय के कारण अस्तित्व में आई।

पटोले ने यहां संवाददाता सम्मेलन में यह भी दावा किया कि राज्य में कैबिनेट का विस्तार इसलिए नहीं किया जा रहा है, क्योंकि सरकार गिर सकती है।

उन्होंने कहा, ‘‘मुख्यमंत्री कैबिनेट का विस्तार क्यों नहीं कर रहे हैं? इसका कारण यह है कि यह सरकार गिर सकती है। यह सरकार भ्रष्टाचार एवं भय के कारण बनी। एक कैबिनेट मंत्री छह जिलों का प्रभारी है। महाराष्ट्र में क्या हो रहा है?’’

पटोले ने कहा कि मुख्यमंत्री शिंदे हर समय महा विकास आघाड़ी (एमवीए) पर दोषारोपण करते रहते हैं।

कांग्रेस नेता ने कहा, ‘‘लेकिन वह और कई मौजूदा मंत्री एमवीए सरकार का हिस्सा थे।’’

पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली एमवीए सरकार शिंदे के नेतृत्व में शिवसेना के 40 विधायकों के विद्रोह के कारण 29 जून को गिर गई थी। इसके अगले दिन शिंदे ने मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता देवेंद्र फडणवीस ने उपमुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की।

इस सरकार का पहला कैबिनेट विस्तार शिंदे के मुख्यमंत्री बनने के 40 दिन बाद नौ अगस्त को हुआ था। वर्तमान में राज्य मंत्रिपरिषद में शिंदे सहित 18 कैबिनेट मंत्री हैं। शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना के धड़े और उसकी सहयोगी भाजपा के नौ-नौ मंत्री हैं। महाराष्ट्र में मंत्रिपरिषद में 43 सदस्य हो सकते हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now