देश की खबरें | शिंदे गुट के नेता ने कहा : भाजपा मराठवाड़ा की आठ लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने पर अपना रुख स्पष्ट करे

औरंगाबाद, तीन जनवरी महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट के एक नेता ने मंगलवार को सहयोगी भाजपा से 2024 के चुनाव में मराठवाड़ा क्षेत्र की सभी आठ लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ने पर अपनी स्थिति स्पष्ट करने को कहा।

उन्होंने यह भी कहा कि 2019 में आठ में से चार सीटों पर शिवसेना ने चुनाव लड़ा था और उन निर्वाचन क्षेत्रों पर अपना दावा पेश किया।

कुछ दिन पहले, भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री भागवत कराड ने मराठवाड़ा क्षेत्र में आने वाली सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही थी।

मुख्यमंत्री शिंदे गुट से ताल्लुक रखने वाले महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री अर्जुन खोटकर ने मराठी समाचार चैनल एबीपी माज़ा ने कहा, “मैंने उस बयान को सुना है, लेकिन इसे गंभीरता से नहीं लिया जाना चाहिए। उस बयान के पीछे का इरादा शायद पार्टी (भाजपा) के आधार का विस्तार करना है।”

वहीं, खोटकर ने कहा कि उन्हें (भाजपा नेताओं को) याद रखना चाहिए कि महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री शिंदे के नेतृत्व में सरकार बनी थी। कम से कम 12-13 सांसद पहले शिंदे से जुड़े थे।”

पिछले जून में एमवीए सरकार के गिरने के बाद से मुख्यमंत्री शिंदे के नेतृत्व वाले शिवसेना गुट और भाजपा ने राज्य में सत्ता साझा की।

खोटकर ने कहा, “अगर वे (भाजपा) गठबंधन (लोकसभा चुनाव में शिंदे गुट के साथ) पर विचार कर रहे हैं और मराठवाड़ा में सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ने के लिए कह रहे हैं तो यह ठीक है। लेकिन अगर ऐसा नहीं है, तो राज्य भाजपा प्रमुख (चंद्रशेखर बावनकुले) को पार्टी के रुख का स्पष्टीकरण देना चाहिए।”

उन्होंने कहा कि शिवसेना (विभाजन से पहले) ने 2019 में मराठवाड़ा क्षेत्र में औरंगाबाद, परभणी, हिंगोली और उस्मानाबाद लोकसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ा था, जिसमें आठ लोकसभा सीटें हैं।

खोटकर ने कहा, “हमारा (शिंदे गुट का) (चार) सीटों पर दावा है।”

एक दिन पहले, बावनकुले ने कहा था कि पार्टी 2024 के चुनावों में औरंगाबाद लोकसभा सीट दो लाख वोटों के अंतर से जीतेगी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)