जरुरी जानकारी | कोटक बैंक के शेयर में तेज गिरावट, विदेशी कोषों की निकासी से सेंसेक्स 73 अंक टूटा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजार में सोमवार को मानक सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी शुरुआती तेजी को बरकरार नहीं रख पाये और गिरावट के साथ बंद हुए। विदेशी संस्थागत निवेशकों की निकासी के बीच कोटक महिंद्रा में तेज गिरावट से बाजार नुकसान में रहा।
मुंबई, 21 अक्टूबर स्थानीय शेयर बाजार में सोमवार को मानक सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी शुरुआती तेजी को बरकरार नहीं रख पाये और गिरावट के साथ बंद हुए। विदेशी संस्थागत निवेशकों की निकासी के बीच कोटक महिंद्रा में तेज गिरावट से बाजार नुकसान में रहा।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 73.48 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 81,151.27 अंक पर बंद हुआ। शुरुआती कारोबार में यह 545 अंक चढ़ गया था लेकिन बाद में बिकवाली दबाव से नीचे आया और एक समय नीचे में 80,811.23 अंक तक आ गया। सूचकांक में ऊंचे और निचले स्तर के बीच 958.79 अंक की घट-बढ़ हुई।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 72.95 अंक यानी 0.29 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,781.10 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में से कोटक महिंद्रा बैंक में चार प्रतिशत से अधिक की गिरावट आई। इसका कारण यह है कि बैंक का तिमाही परिणाम निवेशकों की उम्मीदों के अनुरूप नहीं रहा है।
इसके अलावा बजाज फिनसर्व, इंडसइंड बैंक, अदाणी पोर्ट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, भारती एयरटेल, हिंदुस्तान यूनिलीवर और जेएसडब्ल्यू स्टील में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही।
दूसरी तरफ, एचडीएफसी बैंक करीब तीन प्रतिशत चढ़ा। बैंक का एकीकृत शुद्ध लाभ सितंबर तिमाही में छह प्रतिशत बढ़कर 17,825.91 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है। इससे बैंक के शेयर में तेजी रही।
लाभ में रहने वाले अन्य शेयरों में एशियन पेंट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, रिलायंस इंडस्ट्रीज, मारुति और टेक महिंद्रा शामिल हैं।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 5,485.70 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। हालांकि, घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 5,214.83 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कम्पोजिट बढ़त में रहे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.04 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73.82 डॉलर प्रति बैरल रहा।
बीएसई सेंसेक्स में शुक्रवार को 218.14 अंक की तेजी रही थी जबकि एनएसई निफ्टी 104.20 अंक के लाभ में रहा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 21, 2024 04:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

