देश की खबरें | शर्मिला की तेलंगाना के मुख्यमंत्री, सोनिया गांधी से हैदराबाद में वाईएसआर स्मारक स्थापित करने की अपील
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस की आंध्र प्रदेश इकाई की प्रमुख वाई.एस. शर्मिला ने अपने दिवंगत पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री वाई एस राजशेखर रेड्डी (वाईएसआर) के लिए हैदराबाद में एक स्मारक स्थापित करने के लिये तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से अपील की।
अमरावती, आठ जुलाई कांग्रेस की आंध्र प्रदेश इकाई की प्रमुख वाई.एस. शर्मिला ने अपने दिवंगत पिता एवं पूर्व मुख्यमंत्री वाई एस राजशेखर रेड्डी (वाईएसआर) के लिए हैदराबाद में एक स्मारक स्थापित करने के लिये तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी और कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी से अपील की।
छह जुलाई को लिखे गए और मंगलवार को पत्रकारों के साथ साझा किए गए दो अलग-अलग पत्रों में शर्मिला ने वाईएसआर की कल्याणकारी विरासत की चर्चा की और कहा कि हैदराबाद में एक ऐसे समर्पित स्थान का अभाव है जहां लोग उनकी जयंती और पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि दे सकें।
वाईएसआर 2004 से दो सितंबर, 2009 तक अविभाजित आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे। उनकी दो सितंबर 2009 को नल्लामाला जंगल में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में मौत हो गयी थी।
राजीव आरोग्यश्री (गरीबों के लिए गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवा), इंदिराम्मा इल्लू (कल्याणकारी आवास), शुल्क प्रतिपूर्ति, पेंशन और किसानों के लिए नौ घंटे मुफ्त बिजली जैसी पूर्व नेता की लोकप्रिय कल्याणकारी योजनाओं को याद करते हुए शर्मिला ने कहा कि इनसे आंध्र प्रदेश और तेलंगाना दोनों के लोगों को लाभ हुआ है।
उन्होंने रेवंत रेड्डी को लिखा, ‘‘उनकी बेटी के रूप में और उनके योगदान को संजोने वाले अनगिनत तेलंगाना निवासियों की ओर से, मैं विनम्रतापूर्वक आपसे वाईएसआर स्मारक के लिए भूमि आवंटित करने का आग्रह करती हूं।’’
उन्होंने कहा कि उनके निधन के 16 साल बाद भी हैदराबाद में ऐसा कोई स्थान नहीं है जहां लोग आठ जुलाई (उनकी जयंती) और दो सितंबर (उनकी पुण्यतिथि) पर उन्हें श्रद्धांजलि दे सकें।
सोनिया गांधी को लिखे अपने पत्र में शर्मिला ने वाईएसआर के प्रति कांग्रेस नेतृत्व के सम्मान को स्वीकार किया तथा स्मारक की स्थापना में सहयोग का अनुरोध किया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 08, 2025 09:02 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

