देश की खबरें | शाहबाद डेरी हत्याकांड : राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने दिल्ली सरकार, पुलिस से रिपोर्ट मांगी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने राष्ट्रीय राजधानी (एनसीएससी) में एक नाबालिग लड़की की जघन्य हत्या को लेकर दिल्ली सरकार तथा शहर की पुलिस से एक रिपोर्ट मांगी है।
नयी दिल्ली, 30 मई राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने राष्ट्रीय राजधानी (एनसीएससी) में एक नाबालिग लड़की की जघन्य हत्या को लेकर दिल्ली सरकार तथा शहर की पुलिस से एक रिपोर्ट मांगी है।
साक्षी (16) की शाहबाद डेरी इलाके की एक भीड़भाड़ वाली गली में साहिल ने रविवार शाम को 20 से अधिक बार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर और फिर पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। इस दौरान राहगीर तमाशबीन बने रहे।
पुलिस के अनुसार, साक्षी के शरीर पर चोट के 34 निशान मिले हैं और उसकी खोपड़ी फट गयी थी।
एनसीएससी ने दिल्ली के मुख्य सचिव, अनुसूचित जाति/अनुसूचित जनजाति/अन्य पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के सचिव, दिल्ली सरकार, शहर के पुलिस आयुक्त, उपायुक्त और जिला मजिस्ट्रेट को पत्र लिखकर उसे इस मामले पर विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। आयोग ने कहा कि वह अखबारों में आयी खबरों के आधार पर घटना का स्वत: संज्ञान ले रहा है।
पत्र में कहा गया है, ‘‘राष्ट्रीय अनुसूचित जाति आयोग ने 29 मई 2023 को एक दैनिक अखबार में प्रकाशित खबरों पर स्वत: संज्ञान लिया है...आयोग ने भारत के संविधान के अनुच्छेद 338 के तहत प्रदत्त शक्तियों के अनुसार मामले की जांच करने का फैसला किया है।’’
इसमें कहा गया है, ‘‘आपसे इस नोटिस के मिलने के तीन दिन के भीतर कार्रवाई रिपोर्ट सौंपने का अनुरोध किया जाता है।’’
आयोग ने कहा कि अगर उसे निर्धारित समय के भीतर जवाब नहीं मिलता है तो आयोग ‘‘भारत के संविधान के अनुच्छेद 338 के तहत प्रदत्त दीवानी अदालतों की शक्तियों का इस्तेमाल कर सकता है और आयोग के समक्ष आपकी या किसी प्रतिनिधि की पेशी के लिए सम्मन जारी कर सकता है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)