देश की खबरें | शाह ने केरल में लोकसभा चुनाव का बिगुल फूंका, भ्रष्टाचार को लेकर विजयन पर साधा निशाना
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने केरल में 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए चुनावी बिगुल फूंकते हुए रविवार को राज्य की पिनराई विजयन नीत वामपंथी सरकार पर निशाना साधा और वाम नेताओं से कथित ‘जीवन मिशन’ घोटाले पर चुप्पी तोड़ने का आग्रह किया।
त्रिशूर (केरल), 12 मार्च भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता एवं केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने केरल में 2024 के लोकसभा चुनाव के लिए चुनावी बिगुल फूंकते हुए रविवार को राज्य की पिनराई विजयन नीत वामपंथी सरकार पर निशाना साधा और वाम नेताओं से कथित ‘जीवन मिशन’ घोटाले पर चुप्पी तोड़ने का आग्रह किया।
शाह ने यहां भाजपा की एक रैली को संबोधित करते हुए केरल के लोगों से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को एक मौका देने की अपील की।
शाह ने कहा, ‘‘हम भारत और केरल को सुरक्षित और विकसित बनाएंगे।"
केन्द्रीय मंत्री ने विजयन से कथित ‘लाइफ मिशन’ घोटाले पर चुप्पी तोड़ने का आग्रह किया और दावा किया कि केरल के लोग वामपंथियों को लोकसभा चुनावों में सोने की तस्करी घोटाले के बारे में जवाब देने के लिए मजबूर करेंगे।
शाह ने कहा, ‘‘वामपंथी ‘लाइफ मिशन’ भ्रष्टाचार में डूबे हुए हैं। मुख्यमंत्री के पूर्व प्रधान सचिव एम शिवशंकर को इस मामले में गिरफ्तार किया गया। मैं मुख्यमंत्री से इस मामले पर लोगों को जवाब देने का आग्रह करता हूं।’’
पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) के खिलाफ सरकार की कार्रवाई का उल्लेख करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने कहा कि संगठन को देश में पूरी तरह से प्रतिबंधित कर दिया गया है और इस तरह केरल को हिंसा से छुटकारा पाने में मदद मिली है।
उन्होंने कहा, ‘‘इस कदम का कांग्रेस या वामपंथियों ने स्वागत नहीं किया।’’
केंद्रीय मंत्री शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उसने त्रिपुरा में कम्युनिस्ट पार्टी से हाथ मिलाया लेकिन यहां दोनों आपस में लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘दुनियाभर में देश की छवि को ऊंचा करने वाले प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हमले कर रहे हैं। मैं राहुल गांधी से कहना चाहता हूं कि वे मोदी जी पर जितना चाहें हमला कर सकते हैं या उन पर जितनी चाहे कीचड़ उड़ा सकते हैं, लेकिन मैं कहना चाहता हूं कि कमल खिलता रहेगा।’’
भाजपा नेता ने दावा किया कि नरेन्द्र मोदी सरकार ने केरल में परियोजनाओं के लिए 1,15,000 करोड़ रुपये से अधिक आवंटित किए हैं और वामपंथियों और कांग्रेस से केरल की जनता को यह बताने के लिए कहा कि ‘‘उन्होंने उस धन के साथ क्या किया।’’
शाह ने हाल ही में ब्रह्मपुरम जलमल शोधन संयंत्र में लगी आग को लेकर भी पार्टियों पर निशाना साधा और कहा कि दोनों पार्टियां राज्य का भला नहीं करेंगी।
उन्होंने सवाल किया, ‘‘वामपंथी या कांग्रेस के लिए केरल का विकास करना संभव नहीं है। यहां दो मार्च को आग लग गई थी। अब तक, वे इसे बुझा नहीं पाये हैं। वे केरल का क्या भला कर सकते हैं?’’
उन्होंने कहा कि केरल के लोगों ने लंबे समय तक कांग्रेस और कम्युनिस्ट (यूडीएफ और एलडीएफ के रूप में) को राज्य में शासन करने का अवसर दिया है। शाह ने कहा, ‘‘वामपंथियों को दुनिया ने खारिज कर दिया है और देश ने कांग्रेस पार्टी को खारिज कर दिया है... केरल नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बदलाव लाने के लिए उत्सुक है।’’
शाह ने कहा कि केरल का सार्वजनिक ऋण 3.40 लाख करोड़ रुपये से अधिक हो गया है और राज्य के वित्त मंत्री ने वित्तीय संकट को स्वीकार किया है। उन्होंने केंद्र सरकार की परियोजनाओं को भी सूचीबद्ध किया और कहा कि कोच्चि मेट्रो के दूसरे चरण के लिए 1,950 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं और दो स्मार्ट शहरों के लिए 773 करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
शाह ने रैली में शामिल होने से पहले 'शक्तन तमपुरन' को यहां उनके स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की। कोचीन के तत्कालीन शासक शक्तन तमपुरन आधुनिक त्रिशूर शहर के वास्तुकार थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 12, 2023 10:54 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

