देश की खबरें | शाह ने पटना में सुशील मोदी के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी सांत्वना व्यक्त की।

पटना, 23 मई केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बृहस्पतिवार को बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के शोक संतप्त परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर अपनी सांत्वना व्यक्त की।

इस महीने की शुरुआत में कैंसर से जूझते हुए सुशील मोदी की मृत्यु हो गई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्व अध्यक्ष शाह शाम को पटना पहुंचे और सीधे सुशील मोदी के राजेंद्र नगर स्थित आवास पर पहुंचे।

शाह ने ‘एक्स’ पर सुशील मोदी के परिवार के सदस्यों के साथ मुलाकात से संबंधित कुछ तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, ‘‘सुशील मोदी जी ने अपने लम्बे राजनीतिक जीवन में संगठन और सरकार के सभी दायित्वों को पूरी निष्ठा और समर्पण से निभाया। जनसमस्याओं का निवारण, गरीब कल्याण और राष्ट्रनिर्माण, सदा उनके प्रमुख ध्येय रहे। उनका आज हमारे बीच न रहना भाजपा और बिहार प्रदेश के लिए एक बड़ी क्षति है।’’

शाह ने पोस्ट में कहा, ‘‘आज उनके शोकाकुल परिजनों से भेंट कर अपनी सांत्वना प्रकट की और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। भाजपा दुख की इस घड़ी में उनके परिवार के साथ है।’’

सुशील मोदी के परिवार के सदस्यों को सांत्वना देने के बाद शाह रात्रि विश्राम के लिए शहर के एक होटल में चले गए। गृह मंत्री से मिलने के लिए भाजपा नेताओं को होटल में जाते हुए देखा गया।

शाह शुक्रवार को आरा लोकसभा क्षेत्र में एक रैली को संबोधित करने वाले हैं, जहां से केंद्रीय मंत्री आर के सिंह तीसरी बार अपना भाग्य आजमा रहे हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\