अमित शाह ने आंध्र, कर्नाटक, केरल, हरियाणा, छत्तीसगढ़, मप्र के लोगों को दी राज्य स्थापना दिवस पर बधाई
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के लोगों को शुक्रवार को उनके राज्य के स्थापना दिवस पर बधाई दी. शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार संदेशों में आशा व्यक्त की कि ये राज्य आने वाले वर्षों में प्रगति और विकास की यात्रा निर्बाध रूप से जारी रखेंगे.
नयी दिल्ली, 1 नवंबर : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आंध्र प्रदेश, कर्नाटक, केरल, हरियाणा, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश के लोगों को शुक्रवार को उनके राज्य के स्थापना दिवस पर बधाई दी. शाह ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर सिलसिलेवार संदेशों में आशा व्यक्त की कि ये राज्य आने वाले वर्षों में प्रगति और विकास की यात्रा निर्बाध रूप से जारी रखेंगे. उन्होंने कहा, ‘‘आंध्र प्रदेश के हमारे भाइयों और बहनों को उनके राज्य दिवस पर हार्दिक शुभकामनाएं. अपनी जीवंत संस्कृति और समृद्ध साहित्यिक परंपराओं के साथ, आंध्र प्रदेश ने राष्ट्र निर्माण में अपने अपार योगदान से भारत को गौरवान्वित किया है. कामना है कि राज्य विकास की नई ऊंचाइयों को छुए.’’ शाह ने कर्नाटक के ‘‘बहनों और भाइयों’’ को ‘‘राज्योत्सव’’ की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि गौरवशाली विरासत के गौरवशाली उत्तराधिकारी के रूप में कर्नाटक के लोगों ने राष्ट्र के गौरव को बढ़ाने में बहुत बड़ा योगदान दिया है.
उन्होंने कहा, ‘‘ राज्य की निरंतर प्रगति के लिए प्रार्थना करता हूं.’’ शाह ने केरल के लोगों को राज्य के स्थापना दिवस के अवसर पर हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि केरल ने अपनी अनूठी सांस्कृतिक विरासत से वर्षों से भारत को मजबूत किया है. उन्होंने कहा, ‘‘ईश्वर राज्य को और समृद्ध होने का आशीर्वाद दें.’’ केरल के राज्य के स्थापना दिवस को ‘‘पिरावी’’ के नाम से भी जाना जाता है. ‘वीरभूमि’’ हरियाणा के स्थापना दिवस पर वहां के निवासियों को शुभकामनाएं देते हुए गृह मंत्री ने कहा कि राज्य के मेहनती किसान, राष्ट्र की रक्षा के लिए समर्पित जवान और ऊर्जावान खिलाड़ी देश की विकास यात्रा को गति देने में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं. शाह ने कहा कि वे (हरियाणा के लोग) देश को सुरक्षित बना रहे हैं और वैश्विक मंचों पर इसका गौरव बढ़ा रहे हैं. उन्होंने कहा, ‘‘ हरियाणा पिछले एक दशक से जिस तरह विकास और उन्नति के पथ पर आगे बढ़ रहा है, मेरी कामना है कि समृद्धि की यह यात्रा निर्बाध जारी रहे.’’ यह भी पढ़ें : Bihar Politics: आरसीपी सिंह की ‘आप सब की आवाज’ बन पाएगी लोगों की ‘आवाज’ या सिर्फ करेगी अन्य पार्टियों का नुकसान?
शाह ने छत्तीसगढ़ के लोगों को भी शुभकामनाएं दीं और कहा कि यह राज्य आदिवासी संस्कृति और खनिज संपदा से भरपूर है. उन्होंने कहा, ‘‘मेरी कामना है कि छत्तीसगढ़ में आदिवासी संस्कृति और कला के संरक्षण और संवर्धन की यात्रा निर्बाध गति से जारी रहे और राज्य विकास एवं प्रगति के शिखर पर पहुंचे.’’ गृह मंत्री ने मध्य प्रदेश के ‘‘सभी बहनों और भाइयों’’ को शुभकामनाएं दीं. उन्होंने कहा, ‘‘मध्य प्रदेश अपनी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और जनकल्याण कार्यों का स्वर्णिम काल देख रहा है. मैं प्रदेश के लोगों के सर्वांगीण विकास की कामना करता हूं.’’
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 01, 2024 12:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

