देश की खबरें | शाह और नड्डा ने उपचुनावों में भाजपा की जीत के लिए जनता व कार्यकर्ताओं का आभार जताया
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा की तीन और विभिन्न राज्यों की 29 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों में पार्टी के प्रदर्शन पर जनता तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकारें देश के हर वर्ग के जीवन स्तर को ऊपर उठाने और उनके समग्र विकास के लिए निरंतर कटबद्ध है।
नयी दिल्ली, दो नवंबर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लोकसभा की तीन और विभिन्न राज्यों की 29 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों में पार्टी के प्रदर्शन पर जनता तथा पार्टी कार्यकर्ताओं के प्रति आभार जताया और कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकारें देश के हर वर्ग के जीवन स्तर को ऊपर उठाने और उनके समग्र विकास के लिए निरंतर कटबद्ध है।
हालांकि उन्होंने पश्चिम बंगाल, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान के नतीजों पर चुप्पी साधना बेहतर समझा। इन तीनों राज्यों में उपचुनावों में भाजपा का सूपड़ा साफ हो गया। राजग ने असम, बिहार और मध्य प्रदेश में प्रभावी जीत दर्ज की जबकि कर्नाटक में उसका प्रदर्शन मिश्रित रहा।
नड्डा ने सिलसिलेवार ट्वीट में कहा, ‘‘लोकसभा व विधानसभा उपचुनावों में भाजपा व राजग को मिली जीत के लिए कार्यकर्ताओं का अभिनंदन और जनता का आभार व्यक्त करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजग की सरकारें अन्त्योदय का मूलमंत्र लेकर जन सामान्य के समग्र विकास हेतु निरंतर कटिबद्ध हैं।’’
मध्य प्रदेश में खंडवा लोकसभा व दो विधानसभा सीटों पर भाजपा को मिली जीत को उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार की नीतियों पर जनता के विश्वास का प्रतीक बताया तो असम के नतीजों को एक विकसित उत्तर पूर्व के प्रति प्रधानमंत्री के संकल्प में जनता का निरंतर विश्वास करार दिया।
बिहार में राजग की जीत पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में राजग सरकार प्रदेश के निरंतर विकास व जन कल्याण हेतु सेवाभाव से समर्पित है।
तेलंगाना के हुजूराबाद में भाजपा की जीत के लिए उन्होंने जनता का आभार जताया और कहा कि भाजपा राज्य के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है।
चुनावी नतीजों पर इससे मिलते-जुलते ट्वीट में शाह ने कहा, ‘‘लोकसभा व विधानसभा उपचुनावों में भाजपा व राजग को मिले जनसमर्थन के लिए जनता का आभार व्यक्त करता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राजग की सरकारें देश के हर वर्ग के जीवनस्तर को ऊपर उठाकर उनके समग्र विकास हेतु निरंतर कटिबद्ध हैं।’’
उन्होंने सभी विजयी प्रत्याशियों व कार्यकर्ताओं को बधाई दी।
असम में भाजपा की जीत पर उन्होंने कहा कि यह प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में केंद्र व प्रदेश सरकार द्वारा असम की शांति व समृद्धि के निरंतर प्रयासों व लोक-कल्याणकारी नीतियों में जनता के विश्वास की जीत है।
बिहार के उपचुनावों में मिली जीत के लिए मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल को बधाई देते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में राजग सरकार ऐसे ही प्रदेश की जनता के कल्याण व विकास हेतु निरंतर सेवाभाव से कार्य करती रहेगी।
मध्य प्रदेश में भाजपा के प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भाजपा सरकार एक समृद्ध व आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है।
कुछ सदस्यों की मौत और कुछ के इस्तीफे से खाली हुई इन सभी सीटों पर गत 30 अक्टूबर को मतदान हुआ था। जिन सीटों पर उपचुनाव हुआ है, उनमें नौ सीटों पर कांग्रेस और आधा दर्जन सीटों पर भाजपा का कब्जा था। अन्य सीटें तृणमूल कांग्रेस, जनता दल (युनाईटेड), इंडियन नेशनल लोकदल सहित कुछ अन्य क्षेत्रीय दलों के कब्जे में थीं।
यह उपचुनाव ऐसे समय हुए हैं जब पेट्रोल-डीजल की कीमतें नित नए रिकार्ड बना रही हैं और महंगाई आसमान छू रही है। इनके अलावा किसानों के आंदोलन, कोरोना महामारी के दुष्प्रभावों और देश भर में जारी कोविड-19 रोधी टीकाकरण सहित कई अन्य क्षेत्रीय व स्थानीय मुद्दे भी इन उपचुनावों में हावी रहे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)