देश की खबरें | एसजीपीसी ने अकाल तख्त के जत्थेदार की नियुक्ति और सेवानिवृत्ति के लिए नियम बनाने पर सुझाव मांगे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के प्रमुख हरजिंदर सिंह धामी ने शनिवार को सभी सिख संगठनों से अकाल तख्त के जत्थेदार की नियुक्ति और सेवानिवृत्ति के लिए नियम बनाने पर अपने सुझाव भेजने की अपील की।
अमृतसर, 29 मार्च शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (एसजीपीसी) के प्रमुख हरजिंदर सिंह धामी ने शनिवार को सभी सिख संगठनों से अकाल तख्त के जत्थेदार की नियुक्ति और सेवानिवृत्ति के लिए नियम बनाने पर अपने सुझाव भेजने की अपील की।
उन्होंने दमदमी टकसाल, निहंग सिंह जत्थेबंदियों, वैश्विक सिख संस्थाओं, सिंह सभाओं, दीवानों, सोसाइटियों समेत देश-विदेश के सभी सिख संगठनों, विद्वानों और बुद्धिजीवियों से जत्थेदार की योग्यता, नियुक्ति, अधिकार क्षेत्र, जिम्मेदारियों और सेवानिवृत्ति संबंधी नियमों के बारे में सुझाव भेजने की अपील की है।
धामी ने कहा कि सिख समुदाय लंबे समय से मांग कर रहा है कि जत्थेदार की भूमिका के सम्मान और महत्व को ध्यान में रखते हुए इस पद के लिए सेवा नियम बनाये जाएं।
धामी ने कहा कि इसके मद्देनजर शुक्रवार को आयोजित एसजीपीसी की बजट संबंधी आम बैठक में इसकी सैद्धांतिक मंजूरी के लिए प्रस्ताव पारित किया गया।
उन्होंने कहा कि इस प्रस्ताव की भावना के अनुसार जत्थेदार की नियुक्ति, कार्यकाल और सेवानिवृत्ति के संबंध में सभी सिख संगठनों, संस्थाओं और बुद्धिजीवियों की राय महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा कि इसलिए 20 अप्रैल तक एसजीपीसी को सुझाव भेजे जाएं ताकि सेवा नियमावली बनाने के लिए समुदाय की सामूहिक सहमति बनाई जा सके।
धामी ने कहा कि ये सुझाव एसजीपीसी को व्यक्तिगत रूप से या आधिकारिक ईमेल के जरिये भेजे जा सकते हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 29, 2025 08:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

