कोलकाता, 11 जुलाई पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले के डायमंड हार्बर में मंगलवार को पंचायत चुनावों की मतगणना के दौरान छात्र संगठन स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसएफआई) के प्रदेश अध्यक्ष प्रतिकुर रहमान को हिरासत में लिए जाने के विरोध में संगठन के कार्यकर्ताओं ने मध्य कोलकाता में कॉलेज स्ट्रीट को अवरुद्ध कर दिया।
एसएफआई के करीब 50 सदस्य प्रेसीडेंसी विश्वविद्यालय परिसर के सामने सड़क पर बैठ गए, जिससे कॉलेज स्ट्रीट पर लगभग आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा।
पुलिस ने बताया कि डायमंड हार्बर में मतगणना शुरू होने से ठीक पहले खाली मतपत्रों पर कथित ठप्पा लगाने का विरोध कर रहे रहमान को वाम दल के कुछ अन्य कार्यकर्ताओं के साथ कुछ देर के लिए हिरासत में लिया गया था।
उन्होंने बताया कि प्रदर्शनकारियों ने आधे घंटे बाद जाम हटा लिया।
एसएफआई प्रेसीडेंसी इकाई के अध्यक्ष आनंदरूपा धर ने आरोप लगाया, ‘‘खुले आम हथियार लहरा रहे और मतपत्र लूट रहे तृणमूल कांग्रेस के गुंड़ों को हाथ तक नहीं लगाया गया लेकिन हमारे नेता को शांति पूर्ण विरोध करने पर भी हिरासत में ले लिया गया।’’
टीएमसी छात्र परिषद के प्रदेश अध्यक्ष और पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता त्रिनांकुर भट्टाचार्य ने कहा, ‘‘वामपंथियों को आत्मनिरीक्षण करना चाहिए। बंगाल के लोगों ने फिर से ममता बनर्जी के शासन में अपना भरोसा जताया है। हम एसएफआई के इस तरह के विरोध प्रदर्शन को कोई महत्व नहीं देते।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)













QuickLY