एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | यौन उत्पीड़न: ओडिशा में चढ़ा राजनीतिक पारा, विपक्ष ने प्रदर्शन किया

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. ओडिशा में 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा कथित यौन उत्पीड़न की घटना के कारण आत्मदाह की कोशिश के बाद एम्स भुवनेश्वर में अपनी जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है, वहीं ओडिशा में राजनीतिक पारा चरम पर पहुंच गया है, जहां विपक्षी दल प्रदर्शन कर रहे हैं और प्रेस वार्ता कर रहे हैं।

देश की खबरें | यौन उत्पीड़न: ओडिशा में चढ़ा राजनीतिक पारा, विपक्ष ने प्रदर्शन किया

भुवनेश्वर, 14 जुलाई ओडिशा में 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा कथित यौन उत्पीड़न की घटना के कारण आत्मदाह की कोशिश के बाद एम्स भुवनेश्वर में अपनी जिंदगी के लिए संघर्ष कर रही है, वहीं ओडिशा में राजनीतिक पारा चरम पर पहुंच गया है, जहां विपक्षी दल प्रदर्शन कर रहे हैं और प्रेस वार्ता कर रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित ओडिशा में महिलाओं के असुरक्षित होने का आरोप लगाते हुए विपक्षी बीजू जनता दल (बीजद) और कांग्रेस दोनों ने भुवनेश्वर और बालासोर में कई प्रदर्शन किए।

ओडिशा महिला कांग्रेस अध्यक्ष मीनाक्षी बहिनीपति ने पार्टी विधायक सोफिया फिरदौस के साथ राष्ट्रीय स्तर पर महिला सुरक्षा के मुद्दे को उजागर करने के लिए दिल्ली में एक प्रेस वार्ता की।

ओडिशा में कांग्रेस विधायक दल के नेता राम चंद्र कदम ने पूर्व केंद्रीय मंत्री श्रीकांत जेना और अन्य के साथ यहां एक पत्रकार वार्ता की और उन परिस्थितियों की न्यायिक जांच की मांग की, जिसके कारण द्वितीय वर्ष की एकीकृत बीएड छात्रा को कथित तौर पर न्याय नहीं मिला और बाद में उसने खुद को आग लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया।

कदम ने कहा, "हम लंबे समय से महिला सुरक्षा का मुद्दा उठा रहे हैं। देखिए राज्य में क्या हो रहा है। लड़कियां कैंपस में सुरक्षित नहीं हैं।"

कांग्रेस की एक तथ्यान्वेषी टीम बालासोर पहुंची और छात्रों तथा अन्य हितधारकों से मुलाकात कर स्थिति की जानकारी ली।

बीजद ने बालासोर में फकीर मोहन (स्वायत्त) कॉलेज के निकट प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री तथा बालासोर के सांसद के पुतले जलाए।

प्रदर्शनकारियों ने सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की।

इस बीच, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने एम्स भुवनेश्वर का दौरा किया और पीड़िता के माता-पिता और परिवार के सदस्यों से मुलाकात की।

प्रधान ने एक पोस्ट में कहा, "बालासोर फकीर मोहन स्वायत्त महाविद्यालय में हुई घटना में शामिल एक छात्रा का भुवनेश्वर एम्स अस्पताल में इलाज चल रहा है। मैंने उसके माता-पिता से मुलाकात की और एम्स अधिकारियों के साथ उसकी स्वास्थ्य स्थिति पर चर्चा की। मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि वह शीघ्र स्वस्थ होकर घर लौट आए।"

विपक्षी दलों की मांग पर प्रधान ने कहा, "हमारे लिए लड़की का स्वास्थ्य प्राथमिकता है। हम ऐसी दुर्भाग्यपूर्ण घटना पर राजनीति नहीं कर रहे हैं। उन्हें (विपक्ष को) राजनीति करने दीजिए। मुझे राज्य सरकार पर भरोसा है कि इस मामले में कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने खुद अस्पताल जाकर लड़की के माता-पिता से मुलाकात की है।"

प्रधान ने ओडिशा जैसे राज्य में 'गुरी-शिष्य' परंपरा के ह्रास पर चिंता व्यक्त की।

इस बीच, उपमुख्यमंत्री प्रवती परिदा ने विपक्षी नेताओं की कड़ी आलोचना की और उन पर मामले का राजनीतिकरण करने का आरोप लगाया।

एक अधिकारी ने बताया कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोमवार को एम्स भुवनेश्वर की ‘बर्न यूनिट’ का दौरा किया और 20 वर्षीय कॉलेज छात्रा की स्वास्थ्य स्थिति के बारे में जानकारी ली। वह राज्य के दो दिवसीय दौरे पर हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 14, 2025 10:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).