देश की खबरें | फरीदाबाद में सीवर में मौत का मामला : कांग्रेस ने परिवारों के लिये सरकारी नौकरी और मुआवजे की मांग की

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के फरीदाबाद में सीवर की सफाई करने गये चार युवकों की दम घुटने से हुयी मौत के मामले में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा ने बृहस्पतिवार को मरने वालों के परिजनों के लिये सरकारी नौकरी और मुआवजे की मांग की ।

चंडीगढ़, छह अक्टूबर हरियाणा के फरीदाबाद में सीवर की सफाई करने गये चार युवकों की दम घुटने से हुयी मौत के मामले में कांग्रेस की वरिष्ठ नेता कुमारी सैलजा ने बृहस्पतिवार को मरने वालों के परिजनों के लिये सरकारी नौकरी और मुआवजे की मांग की ।

पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि यह पहला मौका नहीं है जब राज्य में ऐसी घटनायें हुयी हैं । उन्होंने कहा कि सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई की पूरी तरह से मशीन से की जानी चाहिये ।

सैलजा ने कहा कि घटना में जिन लोगों की मौत हुयी है वह गरीब परिवार से हैं और राज्य सरकार को मानवता के आधार पर मरने वालों के निकटतम परिजन को सरकारी नौकरी तथा प्रत्येक पीड़ित परिवार को 50-50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देनी चाहिये ।

उन्होंने कहा, ‘‘राज्य सरकार को सीवर और सेप्टिक टैंक की सफाई की प्रक्रिया को पूरी तरह से मशीनीकृत करना अनिवार्य करना चाहिए ताकि लोगों की जान बचाई जा सके।’’

कांग्रेस नेता ने आरोप लगाया कि जान जोखिम में डालकर सीवर और सेप्टिक टैंक में प्रवेश कर उसकी सफाई करने वालों को अक्सर किसी तरह का सुरक्षा या उचित उपकरण मुहैया नहीं कराए जाते हैं।

मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने हरियाणा सरकार को नोटिस जारी किया है ।

इससे पहले हिसार जिले में अप्रैल महीने में सीवरेज ट्रीटमेंट संयंत्र के टैंक में दम घुटने से चार लोगों की मौत हो गयी थी ।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\