देश की खबरें | हिमाचल प्रदेश में भीषण ठंड, पाइपों और नदियों में पानी जमा; जम्मू-कश्मीर में तापमान शून्य से नीचे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हिमाचल प्रदेश के निचले पहाड़ी क्षेत्रों में शीतलहर के कारण स्थानीय मौसम विभाग को रविवार को बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर और मंडी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करना पड़ा जबकि कश्मीर में तापमान अब भी शून्य से नीचे है, लेकिन रात के तापमान में वृद्धि होने से कुछ राहत मिली है।
नयी दिल्ली, 22 दिसंबर हिमाचल प्रदेश के निचले पहाड़ी क्षेत्रों में शीतलहर के कारण स्थानीय मौसम विभाग को रविवार को बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर और मंडी जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी करना पड़ा जबकि कश्मीर में तापमान अब भी शून्य से नीचे है, लेकिन रात के तापमान में वृद्धि होने से कुछ राहत मिली है।
हिमाचल प्रदेश में, ताबो शून्य से 11.6 डिग्री नीचे तापमान के साथ सबसे सर्द स्थान रहा, जबकि सुमडो, कुसुमसेरी और कल्पा में तापमान क्रमश: शून्य से 5.3 डिग्री नीचे, शून्य से 4.8 डिग्री नीचे और शून्य से 1.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
ऊना में एक डिग्री सेल्सियस और भुंतर में 1.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। ऊना राज्य का सबसे गर्म स्थान भी रहा, जहां अधिकतम तापमान 23.8 डिग्री सेल्सियस रहा जो शनिवार के 24.5 डिग्री सेल्सियस से कम है।
मौसम केंद्र ने 24 से 26 दिसंबर तक मंडी में भाखड़ा बांध जलाशय क्षेत्र और बल्ह घाटी के कुछ हिस्सों में घने कोहरे के लिए पीली चेतावनी भी जारी की। इस अवधि के दौरान निचली पहाड़ियों में अलग-अलग स्थानों पर बर्फ की मोटी परत जमी हुई देखी जा सकती है।
ऊंचाई वाले आदिवासी इलाकों और पहाड़ी दर्रों में कड़ाके की ठंड पड़ रही है, जहां पारा हिमांक बिंदु से 14-18 डिग्री नीचे बना हुआ है। मध्य एवं ऊंची पहाड़ियों में कई स्थानों पर पाइपों में पानी जम गया , साथ ही झरने और छोटी नदियों में भी पानी जम गया जिससे पानी का बहाव कम हो गया और जल विद्युत उत्पादन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर में भी अत्यधिक ठंड के कारण जल आपूर्ति वाली लाइनों में पानी जम गया और कई जलाशयों की सतह पर बर्फ की पतली परत जम गई।
शनिवार रात श्रीनगर में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जो पिछली रात से लगभग चार डिग्री अधिक है।
वार्षिक अमरनाथ यात्रा के लिए आधार शिविर के तौर पर प्रसिद्ध दक्षिण कश्मीर के पहलगाम में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
उत्तरी कश्मीर के गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 4.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।
गुलमर्ग स्कीइंग गतिविधियों के लिए मशहूर जगह है।
कश्मीर के प्रवेश द्वार शहर काजीगुंड में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया जबकि पांपोर क्षेत्र के कोनीबल गांव में तापमान शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा।
कोनीबल गांव, घाटी का सबसे ठंडा स्थान रहा।
राजस्थान के कुछ हिस्सों में रविवार को भी शीतलहर की स्थिति बनी रही और करौली में न्यूनतम तापमान सबसे कम 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जयपुर मौसम केन्द्र प्रभारी राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में मौसम मुख्यतः शुष्क रहा और कहीं-कहीं पर कोहरा छाया रहा।
उन्होंने बताया कि राज्य में शनिवार को सर्वाधिक अधिकतम तापमान बाड़मेर व जालौर में 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि करौली में न्यूनतम तापमान सबसे कम 4.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
उन्होंने बताया कि बीती रात संगरिया में 5.3 डिग्री, फतेहपुर में 5.4 डिग्री, चूरू और अलवर में 6.6 डिग्री, श्रीगंगानगर में 7 डिग्री, धौलपुर में 7.5 डिग्री और अंता में 7.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
अन्य कई स्थानों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में रविवार सुबह कोहरा छाया रहा और इस दौरान न्यूनतम तापमान 7.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के आंकड़ों के अनुसार वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) गिरकर 393 यानी 'बहुत खराब' श्रेणी में पहुंच गया, जो शनिवार को 370 था।
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को 'अच्छा', 51 से 100 के बीच को 'संतोषजनक', 101 से 200 के बीच को 'मध्यम', 201 से 300 के बीच को 'खराब', 301 से 400 के बीच को 'बहुत खराब' और 401 से 500 के बीच को 'गंभीर' माना जाता है।
आईएमडी ने कहा कि सुबह 8:30 बजे आर्द्रता का स्तर 97 प्रतिशत दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने का अनुमान है।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 22, 2024 10:12 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

