देश की खबरें | दिल्ली में भीषण सर्दी का कहर जारी,अधिकतम तापमान सामान्य से सात डिग्री नीचे
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को भी भीषण सर्दी का कहर जारी रहा और अधिकतम तापमान औसत से सात डिग्री कम 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
नयी दिल्ली,चार जनवरी राष्ट्रीय राजधानी में बृहस्पतिवार को भी भीषण सर्दी का कहर जारी रहा और अधिकतम तापमान औसत से सात डिग्री कम 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम कार्यालय के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड जारी रहेगी। साथ ही उसने शुक्रवार को अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमशः 13 और 6 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने का पूर्वानुमान व्यक्त किया है।
दिल्ली के मुख्य मौसम केंद्र सफदरजंग में सुबह 8:30 बजे दृश्यता 500 मीटर दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान औसत से एक डिग्री अधिक 7.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
क्षेत्रीय मौसम पूर्वानुमान केंद्र के वैज्ञानिक एवं प्रमुख कुलदीप श्रीवास्तव ने कहा,‘‘जनवरी माह की शुरुआत के दस दिन सबसे ठंडे माने जाते हैं, लेकिन पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष ये दिन अपेक्षाकृत गर्म हैं।’’
भारतीय रेलवे ने बताया कि कोहरे के कारण दिल्ली आने वाली 26 रेलगाड़ियां निर्धारित समय से एक से छह घंटे की देरी से चल रही हैं।
बृहस्पतिवार को आर्द्रता का स्तर 88 से 100 प्रतिशत के बीच रहा। शाम चार बजे 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 377 दर्ज किया गया जो ‘बहुत खराब’ श्रेणी में आता है।
शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ श्रेणी में माना जाता है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने बताया कि दिसंबर 2023 राष्ट्रीय राजधानी में छह वर्ष में सबसे गर्म महीना रहा। दिल्ली में इस महीने के दौरान एक भी दिन ‘शीत लहर वाला’ दर्ज नहीं किया गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 04, 2024 09:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

