एजेंसी न्यूज

देश की खबरें | मुंबई की एक आवासीय इमारत में आग लगने से सात लोगों की मौत, 40 घायल

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. मुंबई के गोरेगांव इलाके में शुक्रवार तड़के एक आवासीय इमारत में आग लगने से दो बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई और 40 से अधिक लोग घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर है। नगर निगम के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

देश की खबरें | मुंबई की एक आवासीय इमारत में आग लगने से सात लोगों की मौत, 40 घायल

मुंबई, छह अक्टूबर मुंबई के गोरेगांव इलाके में शुक्रवार तड़के एक आवासीय इमारत में आग लगने से दो बच्चों समेत सात लोगों की मौत हो गई और 40 से अधिक लोग घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर है। नगर निगम के अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के एक अधिकारी ने बताया कि सात मंजिला इमारत की छत और अन्य तलों से कम से कम 30 लोगों को बचाया गया और उन्हें सुरक्षित जगह पहुंचाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि आग गोरेगांव पश्चिम में स्थित जय संदेश भवन में तड़के तीन बजे लगी। शुरू में अधिकारियों ने आग से प्रभावित भवन का नाम जय भवानी बताया था। उन्होंने बताया कि आग लगने का कारण अभी ज्ञात नहीं है।

उन्होंने बताया कि आग से प्रभावित लोगों को जोगेश्वरी में एक ट्रॉमा सेंटर में और जुहू के कूपर अस्पताल ले जाया गया।

अधिकारियों ने बताया कि उनमें से दो बच्चों और दो महिलाओं सहित छह लोगों को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। एक अन्य व्यक्ति की मौत उपचार के दौरान हो गई जिससे मृतक संख्या बढ़कर सात हो गई। कुछ घायलों की स्थिति गंभीर है।

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने घटना पर दुख जताया है। उन्होंने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘‘गोरेगांव, मुंबई में लोगों की मौत के बारे में सुनकर दुख हुआ। हम बीएमसी और मुंबई पुलिस अधिकारियों के संपर्क में हैं और उन्हें हर संभव सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। इस घटना में अपने प्रियजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं।’’

दमकल अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल पर दमकल की गाड़ियों के पहुंचने से पहले आग इमारत के चारों ओर फैल चुकी थी। आग की चपेट में आने से दुकानें, कबाड़ और निचले तल पर मौजूद दो पहिया वाहन जलकर नष्ट हो गए थे।

दमकल अधिकारी ने बताया कि आग पर काबू पाने में करीब तीन घंटे लगे। आग बुझाने के अभियान में दमकल की आठ गाड़ियों और अन्य साजो सामान का इस्तेमाल किया गया।

अधिकारियों ने बताया कि जिस अस्पताल में घायलों को भर्ती कराया गया है, उनसे मुलाकात के लिए कुछ समय में नगर निगम आयुक्त इकबाल सिंह चहल अस्पताल का दौरा करने वाले हैं।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Oct 06, 2023 10:40 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).