देश की खबरें | जम्मू-कश्मीर में अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक ही परिवार के चार सदस्यों समेत सात लोगों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, जम्मू और रियासी जिलों में रविवार को तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित सात लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
जम्मू, चार फरवरी जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, जम्मू और रियासी जिलों में रविवार को तीन अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक ही परिवार के चार सदस्यों सहित सात लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले में एक कार को ट्रक ने टक्कर मार दी, जिससे एक दंपति और उनकी दो बेटियों की मौत हो गई और एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
उन्होंने बताया कि यह परिवार जम्मू से कश्मीर जा रहा था, दुर्घटना आधी रात के बाद जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग पर टिकरी के पास सालोर में हुई और बचावकर्मियों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त वाहन से शवों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
उन्होंने कहा कि लापरवाही से चलाए जा रहे एक ट्रक ने कार को टक्कर मारी, जो बाद में दूसरे ट्रक से टकरा गई।
उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में नितिन डोगरा (37), उनकी पत्नी रित्तू (32) और बेटियां खुशी (17) व वाणी (11) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि एक और बेटी बृंदा (15) को गंभीर चोट आईं।
अधिकारियों ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दोषी वाहन चालक को पकड़ने के लिए तलाश शुरू कर दी गई है, जो दुर्घटना के बाद मौके से फरार हो गया है।
उन्होंने बताया कि रियासी जिले के महोरे इलाके में हुई एक अन्य सड़क दुर्घटना में ऐजाज अहमद (32) और मोहम्मद आसिफ (26) नामक दो लोगों की मौत हो गई। अधिकारियों ने बताया कि उनकी कार सड़क से फिसलकर खाई में गिर गई। दोनों के शव बरामद कर परिवारों को सौंप दिए गए।
अधिकारियों ने बताया कि एक अन्य घटना में, एक अज्ञात ट्रक चालक की मौत हो गई।
अधिकारियों ने कहा कि मवेशियों से भरा उसका वाहन सुबह करीब पांच बजे जम्मू के झज्जर कोटली इलाके में मनवाल के पास एक पुल से नीचे गिर गया।
उन्होंने बताया कि दुर्घटना में एक दर्जन से अधिक मवेशियों की भी मौत हो गई।
अधिकारियों ने बताया कि ट्रक जंद्राह से मनवाल की ओर जा रहा था और सौनू गांव के पास पुल से नीचे गिर गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)