देश की खबरें | खराब मौसम के बीच बिजली गिरने से सात लोगों की मौत
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कौशाम्बी और फिरोजाबाद जिलों में रविवार को खराब मौसम के बीच गिरी बिजली की चपेट में आने से सात लोगों की मौत हो गई।
कौशाम्बी/फिरोजाबाद (उत्तर प्रदेश), 11 जुलाई कौशाम्बी और फिरोजाबाद जिलों में रविवार को खराब मौसम के बीच गिरी बिजली की चपेट में आने से सात लोगों की मौत हो गई।
कौशाम्बी से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक, कौशाम्बी थाना क्षेत्र के मुड़िया डोली गांव में खेत में धान की रोपाई के दौरान गिरी बिजली की चपेट में आने से रुकमा (12) की मौके पर ही मौत हो गई।
सराय अकिल थाना क्षेत्र के अकबराबाद गुहौली गांव निवासी मूरत ध्वज (50) साइकिल से दवा लेने पुरखास बाजार जा रहा था। रास्ते में बारिश होने के कारण वह एक पेड़ के नीचे रुक गया। उसी समय पेड़ पर बिजली गिरी जिसकी चपेट में आने से मूरत ध्वज की मौके पर ही मृत्यु हो गई। इसी थाना क्षेत्र के पुरखास गांव निवासी रामचंद्र (32) की भी खेत में घास काटते वक्त गिरी बिजली की चपेट में आने से मौत हो गई।
जिले के पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के टिकरी नागी गांव में धान की रोपाई करते समय मयंक सिंह (15) पर बिजली गिरी जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस अधीक्षक राधेश्याम विश्वकर्मा ने बताया कि सभी मृतकों के शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिये हैं।
उधर, फिरोजाबाद से प्राप्त रिपोर्ट के मुताबिक जिले में दोपहर में हुई बारिश के दौरान गिरी बिजली की चपेट में आने से खेत में काम कर रहे तीन किसानों की मौत हो गई।
जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह ने बताया कि शिकोहाबाद के नगला उमर निवासी 50 वर्षीय हेमराज और रामसेवक (40) बारिश से बचने के लिए खेत में नीम के पेड़ के नीचे बैठे थे। तभी, बिजली गिरने से उनकी मौत हो गई।
उन्होंने बताया कि एक अन्य घटना में शिकोहाबाद क्षेत्र के ही नगला चाट निवासी अमर सिंह (60) की भी आकाशीय बिजली के चपेट में आकर मौत हो गई। शवों का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है।
सिंह ने बताया कि सभी जगह नुकसान का आकलन के निर्देश उपजिलाधिकारियों को दिए गए हैं। आकलन होने के बाद शासन के निर्देश पर मुआवजा देने की कार्रवाई की जाएगी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2021 08:45 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

