देश की खबरें | मणिपुर में सात उग्रवादी गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. सुरक्षा बलों ने मणिपुर के विभिन्न जिलों में विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े सात उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
इम्फाल, 15 मई सुरक्षा बलों ने मणिपुर के विभिन्न जिलों में विभिन्न प्रतिबंधित संगठनों से जुड़े सात उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी।
थौबल, काकचिंग, बिष्णुपुर और चुराचांदपुर जिलों से उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि थौबल जिले के लेइरोंगथेल प्रीता इलाके से बुधवार को पीपुल्स लिबरेशन आर्मी (पीएलए) के दो सक्रिय उग्रवादियों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारी के अनुसार उनकी पहचान आरके मुबिसाना मेइती (47) और मोइरांगथेम नरेश सिंह (28) के रूप में की गई है। दोनों जबरन वसूली की गतिविधियों में संलिप्त थे।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि दोनों के कब्जे से दो पिस्तौल, मैगजीन और सात कारतूस बरामद किए गए हैं।
बिष्णुपुर जिले के कांगमोंग मैस्नम मनींग लैकै क्षेत्र में बुधवार को यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (कोइरेंग) के सक्रिय सदस्य मोइरांगथेम चिंगलेन सिंह (44) को उसके निवास से गिरफ्तार किया गया।
अधिकारी के अनुसार, इसी संगठन के एक अन्य सक्रिय कैडर असम ननाओ सिंह (31) को मंगलवार को काकचिंग जिले के लमडोंग इलाके से गिरफ्तार किया गया। वह जिले में जबरन वसूली की गतिविधियों में संलिप्त था।
इम्फाल ईस्ट जिले के मिनुथोंग से यूनाइटेड नेशनल लिबरेशन फ्रंट (पंबेई) का एक सदस्य गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान वैखोम राजेश सिंह (32) के रूप में हुई है। वह इम्फाल घाटी में कार्गो एजेंसियों से अवैध वसूली करता था।
अधिकारी ने बताया कि चुराचांदपुर जिले के सैकट गांव से मंगलवार को प्रतिबंधित संगठन सीकेएलए/यूपीएलएफ के स्वयंभू ‘सार्जेंट मेजर’ डेविड नगमजांग (25) को गिरफ्तार किया गया। उसके पास से नौ एमएम की एक पिस्तौल और तीन कारतूस बरामद किए गए।
इसके अलावा, काकचिंग जिले के वैखोंग से मंगलवार को केसीपी (तैबंगानबा) संगठन का एक और उग्रवादी गिरफ्तार किया गया। वह भी जबरन वसूली की गतिविधियों में संलिप्त था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 15, 2025 09:54 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

