एजेंसी न्यूज

भोपाल गैस त्रासदी की जंग जीतने वाले सात व्यक्ति कोरोना की जंग हारे

कोरोना वायरस संक्रमण से अब तक भोपाल में कुल सात व्यक्तियों की मौत हो चुकी है और ये सातों भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ित थे।

भोपाल गैस त्रासदी की जंग जीतने वाले सात व्यक्ति कोरोना की जंग हारे
जमात

भोपाल, 21 अप्रैल भोपाल में करीब 35 साल पहले हुई भयावह औद्योगिक त्रासदी जिसे ‘भोपाल गैस कांड’ के नाम से भी जानते हैं ,की जंग जीतने वाले सात व्यक्ति कोरोना वायरस महामारी की जंग हार गये। इन सातों लोगों की पांच अप्रैल से 17 अप्रैल के बीच कोविड-19 से मौत हो गई।

कोरोना वायरस संक्रमण से अब तक भोपाल में कुल सात व्यक्तियों की मौत हो चुकी है और ये सातों भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ित थे।

भोपाल में 2-3 दिसंबर 1984 की दरमियानी रात को यूनियन कार्बाइड के कारखाने से रिसने वाली जहरीली गैस ‘मिक’ की चपेट में आने से हजारों लोग पिछले करीब साढ़े तीन दशक से तमाम स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।

भोपाल गैस पीड़ितों के हितों के लिये लंबे अरसे से काम करने वाले संगठन ‘भोपाल ग्रुप फॉर इन्फॉर्मेशन एंड एक्शन’ की सदस्य रचना ढींगरा ने मंगलवार को कहा, ''भोपाल में कोरोना वायरस संक्रमण से अब तक सात व्यक्तियों की मौत हो चुकी है और ये सातों भोपाल गैस त्रासदी के पीड़ित थे।''

उन्होंने कहा कि कोविड-19 से भोपाल में 60 वर्षीय एक मरीज की मौत 17 अप्रैल को हुई। उसकी जांच रिपोर्ट सोमवार रात आई जिसमें संक्रमण की पुष्टि हुई।

ढींगरा ने बताया कि अधिकारियों ने भी इस बात की पुष्टि की है कि वह भोपाल गैस पीड़ित थे।

उन्होंने कहा कि वहीं, 70 वर्षीय मरीज की मौत इससे कुछ दिन पहले हुई।

ढींगरा ने दावा किया कि भोपाल में कोरोना वायरस से मरे पहले पांच मरीजों की तरह ये दोनों भी भोपाल गैस पीड़ित थे।

उन्होंने कहा कि गैस पीड़ितों में संक्रमण होने की आशंका अन्य लोगों की तुलना में पांच गुना ज्यादा है।

ढींगरा ने बताया कि इससे पहले कोरोना वायरस संक्रमण से भोपाल में पांच अप्रैल को 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई थी, जबकि इस महामारी से आठ अप्रैल को 80 साल के व्यक्ति, 12 अप्रैल को 40 वर्षीय व्यक्ति, 11 अप्रैल को 52 वर्षीय व्यक्ति एवं 75 वर्षीय व्यक्ति की मौत हुई थी।

गैस पीड़ितों के लिए पिछले तीन दशक से अधिक समय से काम कर रहे संगठनों का दावा है कि इस त्रासदी में अब तक 20,000 से ज़्यादा लोगों की मौत हो चुकी हैं और लगभग 5.74 लाख लोग प्रभावित हुए हैं।

भोपाल में अब तक 254 लोग कोविड-19 संक्रमित पाए गए हैं। मध्य प्रदेश में संक्रमितों की तादाद 1,485 पर पहुंच गई है।

रावत

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 21, 2020 12:56 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).