एजेंसी न्यूज

बिहार में 'Yaas' के चलते सात की मौत: सीएम नीतीश कुमार का पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये देने का निर्देश

बिहार में चक्रवात यास के कारण कुल सात लोगों की मौत हो गई जबकि चक्रवाती तूफान के मद्देनजर कम दबाव का क्षेत्र बनने से शुक्रवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई. पटना, दरभंगा, बांका, मुंगेर, बेगूसराय, गया और भोजपुर में चक्रवात से एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई.

बिहार में 'Yaas' के चलते सात की मौत: सीएम नीतीश कुमार का पीड़ित परिवारों को 4-4 लाख रुपये देने का निर्देश
सीएम नीतीश कुमार (Photo Credits ANI)

पटना, 28 मई: बिहार में चक्रवात यास के कारण कुल सात लोगों की मौत हो गई जबकि चक्रवाती तूफान के मद्देनजर कम दबाव का क्षेत्र बनने से शुक्रवार को राज्य के अधिकांश हिस्सों में मध्यम से भारी बारिश हुई. पटना, दरभंगा, बांका, मुंगेर, बेगूसराय, गया और भोजपुर में चक्रवात से एक-एक व्यक्ति की मौत हो गई. एक आधिकारिक बयान में यहां कहा गया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने व्यक्तियों की मौतों पर दुख जताया है. कुमार ने मरने वालों के परिवारों को चार-चार लाख रुपये की अनुग्रह राशि का तत्काल भुगतान करने का आदेश दिया है.

मुख्यमंत्री ने साथ ही यह भी निर्देश दिया कि बेगूसराय में चक्रवात से घायल चार व्यक्तियों और गया और बांका में एक-एक घायल को उचित चिकित्सा प्रदान की जाए. कुमार ने बिहार के लोगों से ‘‘मौसम विभाग द्वारा जारी चेतावनियों के अनुसार सभी सावधानी बरतने’’ की अपील की और आश्वासन दिया कि बिजली और पानी की निर्बाध आपूर्ति तथा वाहनों के आवागमन का सुचारू संचालन सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें- देश की खबरें | बिहार: राजकीय सम्मान के दौरान गोली नहीं चलने के मामले में आठ पुलिसकर्मियों को सजा

ओडिशा और पश्चिम बंगाल में बुधवार को दस्तक देने के बाद 26 मई की मध्यरात्रि से भयंकर चक्रवाती तूफान यास ने झारखंड और बिहार को प्रभावित किया. चक्रवात के कारण राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मध्यम से भारी वर्षा हुई. यहां मौसम कार्यालय के अधिकारी एस के मंडल के अनुसार, कटिहार और सारण जैसे उत्तर बिहार के जिलों में 200 मिमी के करीब या उससे अधिक बारिश हुई.

पटना जिले में तेज हवाएं चलने के साथ ही यहां कल से 90 मिमी से अधिक बारिश हुई है, जिसके परिणामस्वरूप राजधानी के मुख्य इलाकों सहित कई हिस्सों में भारी जल-जमाव हो गया. विपक्षी राजद ने एक बयान जारी करके नीतीश कुमार सरकार पर भारी बारिश के मद्देनजर शहर को ‘‘डूबने’’ देने का आरोप लगाया.

यह भी पढ़ें- देश की खबरें | बिहार भाजपा अध्यक्ष ने एलोपैथ चिकित्सा पद्धति पर टिप्पणी को लेकर रामदेव की खिंचाई की

खराब मौसम के कारण बृहस्पतिवार शाम को बाधित हुआ हवाई यातायात सुबह फिर से शुरू हो गया. मौसम विभाग ने शनिवार को भी उत्तर बिहार के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम भारी बारिश का पूर्वानुमान जताया है.

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 29, 2021 12:57 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).