देश की खबरें | उत्तराखंड में सड़क दुर्घटनाओं में मुंबई के चार श्रद्धालुओं समेत सात की मौत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. उत्तराखंड में शुक्रवार को तीन सड़क हादसों में सात लोगों की मौत हो गयी जबकि चार अन्य घायल हो गए । दुर्घटना में जान गंवाने वालों में मुंबई के चार श्रद्धालु भी शामिल हैं। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।

देहरादून, नौ सितंबर उत्तराखंड में शुक्रवार को तीन सड़क हादसों में सात लोगों की मौत हो गयी जबकि चार अन्य घायल हो गए । दुर्घटना में जान गंवाने वालों में मुंबई के चार श्रद्धालु भी शामिल हैं। पुलिस ने इसकी जानकारी दी ।

पुलिस ने बताया कि मुंबई के तीर्थयात्रियों को लेकर बदरीनाथ जा रही एक कार टिहरी जिले में ब्रहमपुरी श्री राम तपस्थली के पास 50 मीटर गहरी खाई में गिर गयी, जिससे कार सवार चार लोगों की मृत्यु हो गयी जबकि दो अन्य घायल हो गए ।

मुनि की रेती पुलिस थानाध्यक्ष रितेश शाह ने बताया कि हादसे के समय कार में रूद्रप्रयाग के उखीमठ निवासी चालक रविंद्र सिंह समेत छह लोग सवार थे, जो हरिद्वार से चमोली जिले में स्थित बदरीनाथ धाम जा रहे थे ।

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल की टीम मौके पर पहुंची और खाई से तीन शवों को बाहर निकाला। घटना में चालक सहित घायल तीन व्यक्तियों को ऋषिकेश के एक सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां गंभीर रूप से घायल श्रद्धालु ने भी दम तोड दिया।

उपचार के दौरान मरने वाले श्रद्धालुओं में से एक की पहचान मुंबई के रहने वाले शिवजी के रूप में हुई है जबकि अन्य लोगों की पहचान की जा रही है।

एक अन्य घटना में, पौड़ी जिले के श्रीनगर में भटोली गांव के पास एक जीप अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में गिर गयी जिससे उसमें सवार दोनों यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गयी ।

पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान भटोली गांव निवासी अर्जुन सिंह (35) और देव सिंह (40) के रूप में हुई है ।

इसके अतिरिक्त, देहरादून जिले के चकराता क्षेत्र में कोरवा के पास एक वाहन 500 मीटर गहरी खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया जिससे उसमें सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मृत्यु हो गयी और एक अन्य घायल हो गया।

हादसे का शिकार दोनों व्यक्ति चकराता के रहने वाले थे । मृतक की पहचान टीकम सिंह राणा के रूप में हुई है जबकि वाहन चालक जितेंद्र दास को निकटवर्ती अस्पताल में भर्ती कराया गया है ।

दीप्ति

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\