देश की खबरें | जन्मजात हृदय रोग से पीड़ित कारगिल के सात बच्चों की गुरुग्राम के अस्पताल में हुई सर्जरी
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा के गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में संरचनात्मक जन्मजात हृदय दोष से पीड़ित कारगिल के सात वंचित बच्चों की सर्जरी की गई।
नयी दिल्ली, एक अक्टूबर हरियाणा के गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में संरचनात्मक जन्मजात हृदय दोष से पीड़ित कारगिल के सात वंचित बच्चों की सर्जरी की गई।
ये बच्चे उन 300 लोगों के समूह का हिस्सा थे, जिनकी हाल ही में कारगिल में आयोजित एक शिविर में हृदय संबंधी समस्याओं की जांच की गई थी।
तीन दिवसीय शिविर का आयोजन कुर्बाथांग के 300 बिस्तरों वाले जिला अस्पताल में पारस अस्पताल, गुरुग्राम द्वारा ड्रीम फॉर चेंज फाउंडेशन और लद्दाख स्वायत्त पर्वतीय विकास परिषद, कारगिल के सहयोग से किया गया था।
पारस हॉस्पिटल्स की ओर से जारी बयान में कहा गया कि शिविर में जिन 300 बच्चों की जांच की गई, उनमें से लगभग 50 में संरचनात्मक जन्मजात हृदय दोष पाए गए और इन 50 में से सात को ओपन हार्ट सर्जरी और हृदय संबंधी उपचार की जरूरत थी।
पारस अस्पताल में हृदय शल्य चिकित्सा के प्रमुख डॉक्टर महेश वाधवानी ने कहा, ‘‘हमने एक साल के बच्चों को देखा, जिनका वजन 5-6 किलोग्राम था और 15-16 साल के बच्चों को भी जिनका वजन लगभग 25-30 किलोग्राम था। दिल में छेद से लेकर जटिल सियानोटिक हृदय रोगों तक, उनकी स्थिति दयनीय थी और हमें यह कहते हुए गर्व हो रहा है कि इन सभी बच्चों की सफल ओपन-हार्ट सर्जरी और हृदय संबंधी उपचार हुआ।’’
उन्होंने कहा कि मरीजों को एक सप्ताह के भीतर छुट्टी दे दी गई और वे अपने सामान्य जीवन में वापस आ गए हैं।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)