आपस में जुड़ी जुड़वां बच्चियों को एम्स में 24 घंटे चले ऑपरेशन के बाद किया गया अलग
अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
नयी दिल्ली, 24 मई कूल्हे और पीठ के निचले हिस्से से जुड़ीं उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले की जुड़वां बच्चियों को दिल्ली के एम्स में 24 घंटे चले ऑपरेशन के बाद सफलतापूर्वक अलग कर दिया गया है।
अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
एक वरिष्ठ चिकित्सक ने बताया कि दो वर्षीय बच्चियों का पेड़ू, रीढ़ की हड्डियां, मेरुदण्ड और आंतें जुड़ी हुई थीं। उन दोनों का मलाशय एक ही था और वे हृदय एवं रक्त वाहिकाओं संबंधी समस्याओं से भी पीड़ित थीं।
ऑपरेशन शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे से शुरू हुआ, जो शनिवार सुबह नौ बजे तक चला। ऑपरेशन के दौरान सर्जन, एनेस्थीसिया विशेषज्ञ और प्लास्टिक सर्जन समेत कुल 64 स्वास्थ्य कर्मियों ने योगदान दिया।
वरिष्ठ चिकित्सक ने कहा कि बच्चियों को बेहोश करने और ऑपरेशन की प्रक्रिया बहुत चुनौतीपूर्ण थी क्योंकि दोनों बच्चियों के दिलों में छेद था।
चिकित्सक ने कहा, ‘‘बेहोशी की स्थिति में भी ऑपरेशन करने वाले चिकित्सकों को यह सुनिश्चित करना था कि बच्चियों की ह्दयगति जितनी संभव हो सके, उतनी सामान्य रह सके। यह बड़ी चुनौती थी।’’
ऑपरेशन के दौरान जांघों की रक्त वाहिकाएं एवं मलाशय एवं मेरुदंड को पुन: सामान्य किया गया और रीढ़ की हड्डियों को अलग किया गया।
एक अन्य चिकित्सक ने बताया कि एम्स के निदेशक रणदीप गुलेरिया ने ऑपरेशन की आवश्यकता का संज्ञान लिया और कोरोना वायरस संकट के बीच इसकी अनुमति दी।
चिकित्सकों ने कहा, ‘‘जुड़वां बच्चियों की गहन देखभाल की जा रही है।’’
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)