जरुरी जानकारी | सेंसेक्स ने लगाया 1,628 अंक का गोता, निफ्टी भी 460 अंक टूटा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. घरेलू शेयर बाजारों में हालिया तेजी के बाद बुधवार को बड़ी गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 1,628 अंक का गोता लगा गया। पिछले डेढ़ साल से अधिक समय में यह सेंसेक्स में एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट है।
मुंबई, 17 जनवरी घरेलू शेयर बाजारों में हालिया तेजी के बाद बुधवार को बड़ी गिरावट आई और बीएसई सेंसेक्स 1,628 अंक का गोता लगा गया। पिछले डेढ़ साल से अधिक समय में यह सेंसेक्स में एक दिन की सबसे बड़ी गिरावट है।
वैश्विक स्तर पर कमजोर रुख के बीच बैंक, धातु और पेट्रोलियम शेयरों में जोरदार बिकवाली से बाजार में गिरावट आई।
तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 1,628.01 अंक यानी 2.23 प्रतिशत की गिरावट के साथ 71,500.76 अंक पर आ गया। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,699.47 अंक तक लुढ़क गया था।
सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 24 नुकसान में रहे।
पचास शेयरों पर आधारित नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 460.35 अंक यानी 2.09 प्रतिशत लुढ़क कर 21,571.95 अंक पर बंद हुआ। शेयर बाजार में लगातार दूसरे दिन गिरावट आई है।
प्रमुख सूचकांकों...सेंसेक्स और निफ्टी... में प्रतिशत के संदर्भ में 13 जून, 2022 के बाद एक दिन में यह सबसे बड़ी गिरावट है।
हाल में शेयर बाजार में तेजी के बाद यह भारी गिरावट आई है। बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को अबतक के उच्चतम स्तर 73,427.59 अंक तक पहुंच गया था। निफ्टी भी 22,124.15 अंक तक चला गया था।
सेंसेक्स की कंपनियों में एचडीएफसी बैंक आठ प्रतिशत से अधिक नीचे आ गया। तिमाही परिणाम के बाद कंपनी का शेयर नीचे आया है।
एचडीएफसी बैंक ने मंगलवार को वित्तीय परिणाम जारी किया। इसके अनुसार अक्टूबर-दिसंबर तिमाही में उसका एकीकृत शुद्ध लाभ 2.65 प्रतिशत बढ़कर 17,258 करोड़ रुपये रहा। इससे पिछली सितंबर तिमाही में उसे 16,811 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ था।
अन्य शेयर जो प्रमुख रूप से नुकसान में रहे, उनमें टाटा स्टील, कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, जेएसडब्ल्यू स्टील, बजाज फिनसर्व, मारुति, इंडसइंड बैंक और भारतीय स्टेट बैंक शामिल हैं।
दूसरी तरफ एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, नेस्ले और लार्सन एंड टुब्रो लाभ में रहे।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘बैंक शेयरों में जोरदार गिरावट के साथ अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर में कटौती में देरी की आशंका से धारणा प्रभावित हुई। एक तरफ शेयरों का भाव ऊंचा है, दूसरी तरफ कंपनियों के परिणाम और 2023-24 के लिये जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) वृद्धि अनुमान का असर पहले ही बाजार में देखा जा चुका है। इन सबको देखते हुए बाजार में गिरावट आई है।’’
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी शुरुआती कारोबार में तीव्र गिरावट आई। अमेरिकी बाजार मंगलवार को नुकसान में रहे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.84 प्रतिशत की गिरावट के साथ 76.85 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 656.57 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
सेंसेक्स मंगलवार को 199.17 और निफ्टी 65.15 अंक टूटा था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jan 17, 2024 04:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

