एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | धातु, ऊर्जा शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स 875 अंक चढ़ा, निफ्टी फिर 24,000 अंक के पार

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में बुधवार को पिछले तीन दिन से जारी गिरावट पर विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 875 अंक चढ़ गया। वहीं एनएसई निफ्टी फिर से 24,000 अंक के स्तर को पार कर गया। दुनिया के अन्य प्रमुख बाजारों में तेजी तथा निचले स्तर पर शेयरों की लिवाली से बाजार में मजबूती आई।

जरुरी जानकारी | धातु, ऊर्जा शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स 875 अंक चढ़ा, निफ्टी फिर 24,000 अंक के पार

मुंबई, सात अगस्त स्थानीय शेयर बाजारों में बुधवार को पिछले तीन दिन से जारी गिरावट पर विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 875 अंक चढ़ गया। वहीं एनएसई निफ्टी फिर से 24,000 अंक के स्तर को पार कर गया। दुनिया के अन्य प्रमुख बाजारों में तेजी तथा निचले स्तर पर शेयरों की लिवाली से बाजार में मजबूती आई।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 874.94 अंक यानी 1.11 प्रतिशत उछलकर 79,468.01 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,046.13 अंक चढ़कर 79,639.20 अंक पर पहुंच गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 304.95 अंक यानी 1.27 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,297.50 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 345.15 अंक उछलकर 24,337.70 अंक पर पहुंचा था।

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से अदाणी पोर्ट्स एंड सेज 3.42 प्रतिशत और पावरग्रिड 3.39 प्रतिशत मजबूत हुए। इसके अलावा टाटा स्टील, जेएसडब्ल्यू स्टील, इन्फोसिस, महिंद्रा एंड महिंद्रा, मारुति और लार्सन एंड टुब्रो प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।

इसके उलट नुकसान में रहने वाले शेयरों में इंडसइंड बैंक, भारती एयरटेल, हिंदुस्तान यूनिलीवर, टेक महिंद्रा और टाइटन शामिल हैं।

इस तेजी में ज्यादातर क्षेत्रों का योगदान रहा। लेकिन धातु, ऊर्जा और औषधि क्षेत्र सबसे बेहतर प्रदर्शन करने वाले क्षेत्र रहे।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘बैंक ऑफ जापान के डिप्टी गवर्नर के वित्तीय अस्थिरता के दौरान ब्याज दर नहीं बढ़ाने के फिर से आश्वासन के बाद वैश्विक बाजारों में उल्लेखनीय तेजी आई। घरेलू बाजार में चौतरफा लिवाली हुई। रियल्टी क्षेत्र में इंडेक्सशेन लाभ फिर से लागू किये जाने से जमीन-जायदाद के विकास से जुड़ी कंपनियों के शेयरों में तेजी रही।’’

मझोली कंपनियों का प्रतिनिधित्व करने वाला बीएसई मिडकैप 2.63 प्रतिशत उछला जबकि छोटी कंपनियों से संबद्ध स्मॉलकैप सूचकांक 2.39 प्रतिशत के लाभ में रहा।

रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) अजित मिश्रा ने कहा कि हाल की गिरावट के बाद बाजार में आज तेजी लौटी। वैश्विक स्तर पर मजबूत रुख से बाजार को समर्थन मिला।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग उल्लेखनीय रूप से लाभ में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारो में तेजी रही। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त में रहे थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 3,531.24 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 3,357.45 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.12 प्रतिशत उछलकर 77.34 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 166.33 अंक नीचे आया था, जबकि एनएसई निफ्टी 63.05 अंक के नुकसान में रहा था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 07, 2024 05:04 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).