जरुरी जानकारी | एचडीएफसी बैंक, इन्फोसिस में लिवाली से सेंसेक्स 676 अंक चढ़ा, निफ्टी 22,400 अंक के पार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 676 अंक से अधिक के लाभ में रहा। एनएसई निफ्टी 22,400 अंक के पार निकल गया। एचडीएफसी बैंक और इन्फोसिस जैसे शेयरों में लिवाली तथा अमेरिका तथा एशिया के अन्य बाजारों में तेजी से बाजार को समर्थन मिला।
मुंबई, 16 मई स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 676 अंक से अधिक के लाभ में रहा। एनएसई निफ्टी 22,400 अंक के पार निकल गया। एचडीएफसी बैंक और इन्फोसिस जैसे शेयरों में लिवाली तथा अमेरिका तथा एशिया के अन्य बाजारों में तेजी से बाजार को समर्थन मिला।
तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में 676.69 अंक यानी 0.93 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73,663.72 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 73,749.47 अंक तक गया और नीचे में 72,529.97 अंक तक आया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 203.30 अंक यानी 0.92 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,403.85 अंक पर बंद हुआ।
जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘वैश्विक स्तर पर मजबूत रुख के बीच घरेलू बाजार में तेजी आई। मजबूत वैश्विक रुख यह संकेत देता है कि अमेरिका में मुद्रास्फीति अनुमान से कम रह सकती है। इससे इस साल वहां नीतिगत दर में कम-से-कम दो बार कटौती की उम्मीद जान पड़ती है।’’
सेंसेक्स के शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, टेक महिंद्रा, टाइटन, इन्फोसिस, जेएसडब्ल्यू स्टील, बजाज फिनसर्व, एचडीएफसी बैंक, लार्सन एंड टुब्रो और कोटक महिंद्रा बैंक प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में मारुति, भारतीय स्टेट बैंक, पावर ग्रिड, टाटा मोटर्स और इंडसइंड बैंक शामिल हैं।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में शुरुआती कारोबार में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार वॉल स्ट्रीट बुधवार को बढ़त में रहा था।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.33 प्रतिशत घटकर 82.45 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 2,832.83 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।
सेंसेक्स बुधवार को 117.58 अंक नुकसान में रहा था, जबकि निफ्टी में 17.30 अंक की गिरावट आई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 16, 2024 04:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

