एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में सेंसेक्स 58 अंक चढ़ा, आठ दिन से जारी गिरावट थमी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में शेयर बाजार में पिछले आठ कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर सोमवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स में 58 अंक की तेजी आई। एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे शेयरों में लिवाली से बाजार बढ़त में रहा।

जरुरी जानकारी | उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में सेंसेक्स 58 अंक चढ़ा, आठ दिन से जारी गिरावट थमी

मुंबई, 17 फरवरी उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में शेयर बाजार में पिछले आठ कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर सोमवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स में 58 अंक की तेजी आई। एचडीएफसी बैंक और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसे शेयरों में लिवाली से बाजार बढ़त में रहा।

कारोबार के अंतिम घंटे में लिवाली से तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 57.65 अंक यानी 0.08 प्रतिशत की बढ़त के साथ 75,996.86 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 644.45 अंक तक लुढ़क गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 30.25 अंक यानी 0.13 प्रतिशत की बढ़त के साथ 22,959.50 अंक पर बंद हुआ।

विश्लेषकों के अनुसार, ऐसी रिपोर्ट है कि अमेरिका और भारत शुल्क दर कम करने के लिए व्यापार समझौते की व्यापक रूपरेखा पर निर्णय लेने के लिए जल्द ही बैठक करेंगे। इससे धातु, औषधि और वित्तीय शेयरों में खरीदारी को समर्थन मिला।

सेंसेक्स के तीस शेयरों में से बजाज फिनसर्व, पावरग्रिड, इंडसइंड बैंक, अदाणी पोर्ट्स, अल्ट्राटेक सीमेंट, एचडीएफसी बैंक, जोमैटो और टाटा मोटर्स प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, भारती एयरटेल, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, इन्फोसिस, आईसीआईसीआई बैंक और आईटीसी शामिल हैं।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 4,294.69 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे।

डिपॉजिटरी के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी पोर्टफोलियो निवेशकों की कुल पूंजी निकासी इस साल अबतक 99,299 करोड़ रुपये पहुंच गयी है। एफपीआई ने इस माह के पहले दो सप्ताह में 21,272 करोड़ रुपये निकाले हैं। अमेरिका के आयात पर शुल्क लगाने के बाद वैश्विक स्तर पर तनाव के बीच यह पूंजी निकासी की गयी है।

मेहता इक्विटीज लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष (शोध) प्रशांत तापसे ने कहा, ‘‘भारी उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में अंतिम घंटे में लिवाली से बाजार हल्की बढ़त में रहा। इसके साथ पिछले आठ कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर विराम लगा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘एशिया और यूरोप के बाजारों में तेजी से धारणा को मजबूती मिली। इसके अलावा चुनिंदा बैंक, तेल एवं गैस, धातु तथा बिजली शेयरों में लिवाली से बाजार ऊपर आने में सफल रहा।’’

मझोली कंपनियों से जुड़ा बीएसई मिडकैप सूचकांक 0.51 प्रतिशत चढ़ा जबकि छोटी कंपनियों से जुड़ा बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.56 प्रतिशत के नुकसान में रहा।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट बढ़त में, जबकि हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहा।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में तेजी का रुख रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को ज्यादातर नुकसान में रहे थे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.21 प्रतिशत की बढ़त के साथ 74.90 डॉलर प्रति बैरल रहा।

बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 199.76 अंक टूटा था, जबकि एनएसई निफ्टी में 102.15 अंक की गिरावट रही थी।

पिछले आठ कारोबारी सत्रों में बीएसई सेंसेक्स 2,644.6 अंक नुकसान में रहा था, जबकि निफ्टी में 810 अंक की गिरावट रही थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Feb 17, 2025 05:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).