जरुरी जानकारी | आईटी शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स 454 अंक चढ़ा
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 454 अंक से अधिक के लाभ में रहा। विदेशी संस्थागत निवेशकों के ताजा पूंजी प्रवाह के बीच सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों टीसीएस और इन्फोसिस में लिवाली से बाजार में मजबूती आई।
मुंबई, छह फरवरी स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को तेजी लौटी और बीएसई सेंसेक्स 454 अंक से अधिक के लाभ में रहा। विदेशी संस्थागत निवेशकों के ताजा पूंजी प्रवाह के बीच सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों टीसीएस और इन्फोसिस में लिवाली से बाजार में मजबूती आई।
तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स की शुरुआत अच्छी रही और यह 454.67 अंक यानी 0.63 प्रतिशत चढ़कर 72,186.09 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 529.98 अंक तक चढ़ गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 157.70 अंक यानी 0.72 प्रतिशत की तेजी के साथ 21,929.40 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स की कंपनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, मारुति, विप्रो, लार्सन एंड टुब्रो, इन्फोसिस, टाटा स्टील, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक बैंक, टेक महिंद्रा, अल्ट्राटेक सीमेंट और महिंद्रा एंड महिंद्र प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।
भारती एयरटेल का तिमाही परिणाम बेहतर रहने से कंपनी का शेयर दो प्रतिशत से अधिक के लाभ में रहा। कंपनी का एकीकृत शुद्ध लाभ दिसंबर तिमाही में 54 प्रतिशत उछलकर 2,442.2 करोड़ रुपये रहा है।
दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में पावर ग्रिड, इंडसइंड बैंक, आईटीसी, कोटक महिंद्रा बैंक, बजाज फिनसर्व और एक्सिस बैंक शामिल हैं।
एशिया के अन्य बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी तथा जापान का निक्की नुकसान में रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजार दोपहर के कारोबार में बढ़त में थे। अमेरिकी बाजार सोमवार को नुकसान में रहे थे।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने सोमवार को 518.88 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
सेंसेक्स सोमवार को 354.21 अंक और निफ्टी 82.10 अंक के नुकसान में रहा था।
इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 77.92 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 06, 2024 04:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

