एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | सेंसेक्स 350 अंक चढ़कर 63,000 के पार, निफ्टी भी मजबूत

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. वैश्विक बाजारों के मिले-जुले रुख के बीच विदेशी पूंजी की प्रवाह बढ़ने से बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में लगातार चौथे कारोबारी दिन तेजी रही और सेंसेक्स 350 अंक से ज्यादा उछलकर 63,000 अंक के स्तर के पार निकल गया।

जरुरी जानकारी | सेंसेक्स 350 अंक चढ़कर 63,000 के पार, निफ्टी भी मजबूत

मुंबई, सात जून वैश्विक बाजारों के मिले-जुले रुख के बीच विदेशी पूंजी की प्रवाह बढ़ने से बुधवार को घरेलू शेयर बाजारों में लगातार चौथे कारोबारी दिन तेजी रही और सेंसेक्स 350 अंक से ज्यादा उछलकर 63,000 अंक के स्तर के पार निकल गया।

कारोबारियों के मुताबिक, धातु, रियल्टी, तेल एवं गैस और औद्योगिक शेयरों में लिवाली से भी कारोबारी धारणा को समर्थन मिला।

बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स 350.08 अंक यानी 0.56 प्रतिशत चढ़कर 63,142.96 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 403.55 अंक तक उछलकर 63,196.43 अंक तक पहुंच गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 127.40 अंक यानी 0.68 प्रतिशत की तेजी के साथ 18,726.40 अंक पर बंद हुआ।

दोनों बाजारों में तेजी का यह लगातार चौथा कारोबारी दिन रहा। मंगलवार को सेंसेक्स में 5.41 अंक और निफ्टी में 5.15 अंक की मामूली बढ़त रही थी।

सेंसेक्स के शेयरों में नेस्ले, टाटा स्टील, टाटा मोटर्स, भारती एयरटेल, लार्सन एंड टुब्रो, पावर ग्रिड, एनटीपीसी, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस और एक्सिस बैंक में बढ़त रही।

दूसरी तरफ, कोटक महिंद्रा बैंक, मारुति सुजुकी, बजाज फाइनेंस, महिंद्रा एंड महिंद्रा और आईसीआईसीआई बैंक के शेयरों में गिरावट का रुख देखने को मिला।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग चढ़कर बंद हुए, जबकि जापान का निक्की गिरावट पर रहा।

यूरोप के बाजारों में दोपहर के सत्र में मिला-जुला रुख देखा गया। एक दिन पहले मंगलवार को अमेरिकी बाजारों में बढ़त दर्ज की गई थी।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा कि रिजर्व बैंक की मौद्रिक समीक्षा बैठक को लेकर निवेशकों का रुख सकारात्मक रहने से बाजार में तेजी रही। उन्होंने कहा, ‘‘ऐसी उम्मीद है कि रिजर्व बैंक नीतिगत दर में बढ़ोतरी का सिलसिला रोके रखेगा।’’

इसके साथ ही विदेशी संस्थागत निवेशकों की लिवाली आने से भी शेयर बाजारों में तेजी का दौर रहा। एक्सचेंज से मिले आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने मंगलवार को 385.71 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीदारी की।

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.10 प्रतिशत चढ़कर 76.45 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया।

प्रेम

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 07, 2023 05:38 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).