एजेंसी न्यूज

सेंसेक्स 223 अंक चढ़ा, निफ्टी 9,000 अंक के पास

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स दिन में कारोबार के दौरान 784 अंक ऊपर-नीचे होने के बाद अंत में 222.80 अंक या 0.73 प्रतिशत की बढ़त के साथ 30,602.61 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स 223 अंक चढ़ा, निफ्टी 9,000 अंक के पास

मुंबई, 16 अप्रैल कमजोर वैश्विक रुख के बावजूद वित्तीय, ऊर्जा और बिजली कंपनियों के शेयरों में लाभ से बृहस्पतिवार को सेंसेक्स 223 अंक चढ़ गया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स दिन में कारोबार के दौरान 784 अंक ऊपर-नीचे होने के बाद अंत में 222.80 अंक या 0.73 प्रतिशत की बढ़त के साथ 30,602.61 अंक पर बंद हुआ।

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 67.50 अंक या 0.76 प्रतिशत की बढ़त के साथ 8,992.80 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में एनटीपीसी का शेयर सबसे अधिक छह प्रतिशत के लाभ में रहा। आईसीआईसीआई बैंक, टाइटन, एलएंडटी, एसबीआई, सनफार्मा और नेस्ले इंडिया के शेयर भी बढ़त के साथ बंद हुए।

वहीं दूसरी ओर एचसीएल टेक, कोटक बैंक, टेक महिंद्रा, हीरो मोटोकॉर्प और इन्फोसिस के शेयरों में नुकसान रहा।

आनंद राठी के प्रमुख इक्विटी शोध (बुनियादी) नरेंद्र सोलंकी ने कहा कि मिलेजुले वैश्विक रुख के बीच घरेलू बाजार नरम खुले। कोरोना वायरस की वजह से धारणा प्रभावित हुई। राठी ने कहा कि दोपहर के कारोबार में बाजार में कुछ तेजी आई क्योंकि कारोबारियों और निवेशकों ने कुछ बड़ी कंपनियों के शेयरों में लिवाली की।

सोलंकी ने कहा कि आईटी क्षेत्र के शेयरों का प्रदर्शन कमजोर रहा। विप्रो के नतीजों के बाद कंपनी की टिप्पणी कोविड-19 के प्रभाव को लेकर स्थिति को स्पष्ट करने में बहुत सफल नहीं रही। अब बाजार भागीदारों की निगाह आज आने वाले टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस) के नतीजों पर है।

अंतर बैंक विदेशी विनियम बाजार में रुपया 43 पैसे टूटकर अपने नए सर्वकालिक निचले स्तर 76.87 प्रति डॉलर (अस्थायी) पर बंद हुआ।

देश में कोविड-19 से मरने वालों की संख्या 414 हो गई है। देश में कोविड-19 संक्रमित लोगों का आंकड़ा 12,380 हो गया है। वैश्विक स्तर पर इस महामारी से अब तक 1.37 लाख लोगों की जान गई है और 20 लाख से अधिक लोग इससे संक्रमित हैं।

इस बीच, अन्य एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कंपोजिट लाभ में रहा। हांगकांग का हैंगसेंग, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की नुकसान में रहा। शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाजारों में मिलाजुला रुख था।

ब्रेंट कच्चा तेल वायदा 2.28 प्रतिशत की बढ़त के साथ 28.32 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, लेटेस्टली स्टाफ ने इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Apr 16, 2020 04:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).