जरुरी जानकारी | सेंसेक्स 178 अंक और चढ़ा, निफ्टी 10,600 अंक के पार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. शेयर बाजारों में शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन तेजी का सिलसिला जारी रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयरों में बढ़त से सेंसेक्स 178 अंक मजबूत हुआ।
मुंबई, तीन जुलाई शेयर बाजारों में शुक्रवार को लगातार तीसरे दिन तेजी का सिलसिला जारी रहा। रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज के शेयरों में बढ़त से सेंसेक्स 178 अंक मजबूत हुआ।
कारोबारियों ने कहा कि कैडिला हेल्थकेयर की जायडस को कोविड-19 के टीके के मानव परीक्षण की अनुमति मिलने से भी घरेलू निवेशकों की धारणा मजबूत हुई।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स दिन में कारोबार के दौरान 36,110.21 अंक के उच्चस्तर को छूने के बाद अंत में 177.72 अंक या 0.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 36,021.42 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 55.65 अंक या 0.53 प्रतिशत की बढ़त के साथ 10,607.35 अंक पर पहुंच गया।
सेंसेक्स की कंपनियों में भारती एयरटेल का शेयर सबसे अधिक चार प्रतिशत तक चढ़ गया। बजाज ऑटो, टीसीएस, टाइटन, एचसीएल टेक और रिलायंस इंडस्ट्रीज के शेयर भी लाभ में रहे।
वहीं दूसरी ओर इंडसइंड बैंक, टाटा स्टील और एचडीएफसी बैंक के शेयरों में गिरावट आई। कारोबारियों ने कहा कि अमेरिका में रोजगार के आंकड़े बेहतर रहने के बाद वॉल स्ट्रीट में बृहस्पतिवार तेजी आई। इससे शुक्रवार को एशियाई बाजारों में बढ़त रही। एशियाई बाजारों के संकेतों से यहां भी बाजार धारणा मजबूत हुई।
हालांकि, उन्होंने कहा कि कोविड-19 के टीके को लेकर सकारात्मक खबर के बावजूद दुनियाभर में संक्रमण के मामले बढ़ने से निवेशक चिंतित है। दुनियाभर में कोविड-19 के मामलों की संख्या 1.08 करोड़ हो गई है। अब तक यह महामारी 5.20 लाख लोगों की जान ले चुकी है। भारत में कोविड-19 संक्रमण के मामले 6.25 लाख हो गए हैं। अब तक इस महामारी से 18,213 लोगों की जान गई है।
अन्य एशियाई बाजारों में चीन का शंघाई कम्पोजिट, हांगकांग का हैंगसेंग, जापान का निक्की और दक्षिण कोरिया का कोस्पी लाभ में रहे। शुरुआती कारोबार में यूरोपीय बाजार नुकसान में थे।
इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल वायदा 1.69 प्रतिशत टूटकर 42.41 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 38 पैसे की बढ़त के साथ 74.66 प्रति डॉलर पर बंद हुआ।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 03, 2020 04:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

