एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | आईटी शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स 150 अंक चढ़ा, निफ्टी में मामूली बढ़त

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में दो दिन से जारी गिरावट पर बुधवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 150 अंक चढ़ गया। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर में कटौती की उम्मीद से वहां के बाजारों में तेजी के बीच सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बाजार में मजबूती रही।

जरुरी जानकारी | आईटी शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स 150 अंक चढ़ा, निफ्टी में मामूली बढ़त

मुंबई, 14 अगस्त स्थानीय शेयर बाजारों में दो दिन से जारी गिरावट पर बुधवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स 150 अंक चढ़ गया। अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर में कटौती की उम्मीद से वहां के बाजारों में तेजी के बीच सूचना प्रौद्योगिकी कंपनियों के शेयरों में लिवाली से बाजार में मजबूती रही।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 149.85 अंक यानी 0.19 प्रतिशत की बढ़त के साथ 79,105.88 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 272.91 अंक तक चढ़ गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी मामूली 4.75 अंक यानी 0.02 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,143.75 अंक पर बंद हुआ।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच घरेलू बाजार एक सीमित दायरे में रहा। आईटी सूचकांक बढ़त में रहा। यह अमेरिका में आज जारी होने वाले खुदरा मुद्रास्फीति के आंकड़े के बेहतर रहने की उम्मीद को दर्शाता है। इससे फेडरल रिजर्व के नीतिगत दर में कटौती की गुंजाइश बढ़ सकती है।’’

सेंसेक्स की कंपनियों में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज सबसे ज्यादा 2.3 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा एचसीएल टेक्नोलॉजीज, टेक महिंद्रा, इन्फोसिस, महिंद्रा एंड महिंद्रा और टाटा मोटर्स प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।

वहीं, नुकसान में रहने वाले शेयरों में अल्ट्राटेक सीमेंट, जेएसडब्ल्यू स्टील, टाटा स्टील, अदाणी पोर्ट्स, पावर ग्रिड और बजाज फिनसर्व शामिल हैं।

उच्चतम न्यायालय के फैसले के बाद खनन शेयरों में गिरावट रही। शीर्ष अदालत ने खनिज संपन्न राज्यों को बड़ी राहत देते हुए उन्हें खनिजों और खनिज-युक्त भूमि पर केंद्र सरकार से 12 वर्ष में चरणबद्धत तरीके से रॉयल्टी तथा कर पर एक अप्रैल, 2005 से बकाया लेने की बुधवार को अनुमति दे दी।

एनएमडीसी छह प्रतिशत नीचे आया जबकि हिंद कॉपर चार प्रतिशत तथा नाल्को 2.7 प्रतिशत टूटा।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के मुख्य निवेश रणनीतिकार के विजयकुमार ने कहा, ‘‘अमेरिका में पीपीआई (उत्पादक कीमत महंगाई) आंकड़ा मुद्रास्फीति में नरमी का संकेत देता है। आज आ रहे उपभोक्ता मूल्य सूचकांक आधारित मुद्रास्फीति के आंकड़ों से इसकी पुष्टि हो जाएगी। अमेरिकी बाजार में महंगाई में कमी और फेडरल रिजर्व के सितंबर में नीतिगत दर में कटौती की उम्मीद से मंगलवार को तेजी आई।’’

छोटी कंपनियों के शेयरों का प्रतिनिधित्व करने वाला बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक 0.57 प्रतिशत नीचे आया जबकि मिडकैप 0.41 प्रतिशत टूटा।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और जापान का निक्की लाभ में जबकि चीन का शंघाई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजार सकारात्मक दायरे में रहे। अमेरिकी बाजार मंगलवार को बढ़त में रहे थे।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने मंगलवार को 2,107.17 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 1,239.96 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.59 प्रतिशत चढ़कर 81.17 डॉलर प्रति बैरल रहा।

शेयर बाजार ‘स्वतंत्रता दिवस’ के मौके पर बृहस्पतिवार को बंद रहेगा।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 14, 2024 05:08 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).