एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | सेंसेक्स 145 अंक चढ़कर सर्वकालिक उच्चस्तर पर, निफ्टी का भी नया रिकॉर्ड

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को तेजी का सिलसिला जारी रहा और बीएसई सेंसेक्स 145 अंक से अधिक की तेजी के साथ नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ। निफ्टी भी नये शिखर पर पहुंच गया।

जरुरी जानकारी | सेंसेक्स 145 अंक चढ़कर सर्वकालिक उच्चस्तर पर, निफ्टी का भी नया रिकॉर्ड

मुंबई, 15 जुलाई स्थानीय शेयर बाजारों में सोमवार को तेजी का सिलसिला जारी रहा और बीएसई सेंसेक्स 145 अंक से अधिक की तेजी के साथ नई रिकॉर्ड ऊंचाई पर बंद हुआ। निफ्टी भी नये शिखर पर पहुंच गया।

कारोबारियों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के पूंजी प्रवाह और भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) के शेयरों में लिवाली से बाजार में तेजी रही।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 145.52 अंक यानी 0.18 प्रतिशत की बढ़त के साथ नये रिकॉर्ड स्तर 80,664.86 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 343.2 अंक तक चढ़ कर 80,862.54 के सर्वकालिक उच्चस्तर पर पहुंचा था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 84.55 अंक यानी 0.35 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,586.70 के नये शिखर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 132.9 अंक की बढ़त के 24,635.05 अंक के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचा था।

सेंसेक्स शेयरों में भारतीय स्टेट बैंक, एनटीपीसी, अल्ट्राटेक सीमेंट, महिंद्रा एंड महिंद्रा, बजाज फाइनेंस, टाटा मोटर्स, मारुति और आईटीसी प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

दूसरी तरफ नुकसान में रहने वाले शेयरों में एशियन पेंट्स, टाटा स्टील, एक्सिस बैंक, जेएसडब्ल्यू स्टील, टेक महिंद्रा और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज शामिल हैं।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कम्पोजिट लाभ में जबकि हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में रहा।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में कारोबार के दौरान गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजार शुक्रवार को सकारात्मक दायरे में रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 4,021.60 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.18 प्रतिशत चढ़कर 85.15 डॉलर प्रति बैरल रहा।

बीएसई सेंसेक्स शुक्रवार को 622 अंक चढ़कर रिकॉर्ड 80,519.34 अंक पर और एनएसई निफ्टी 186.20 अंक की बढ़त के साथ 24,502.15 अंक के नये शिखर पर बंद हुआ था।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 15, 2024 04:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).