जरुरी जानकारी | बड़ी कंपनियों के शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स 144 अंक चढ़ा, निफ्टी भी लाभ में
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 144 अंक चढ़ गया। वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच बैंक, बिजली और औद्योगिक शेयरों में लिवाली से बाजार में मजबूती आई।
मुंबई, 10 अक्टूबर स्थानीय शेयर बाजारों में बृहस्पतिवार को तेजी रही और बीएसई सेंसेक्स 144 अंक चढ़ गया। वैश्विक बाजारों में तेजी के बीच बैंक, बिजली और औद्योगिक शेयरों में लिवाली से बाजार में मजबूती आई।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 144.31 अंक यानी 0.18 प्रतिशत बढ़कर 81,611.41 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 535.74 अंक तक चढ़ गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 16.50 अंक यानी 0.07 प्रतिशत की बढ़त के साथ 24,998.45 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 152.1 अंक तक चढ़ गया था।
सेंसेक्स की 30 कंपनियों में कोटक महिंद्रा बैंक, जेएसडब्ल्यू स्टील, एचडीएफसी बैंक, पावर ग्रिड, इंडसइंड बैंक, मारुति, सुजुकी इंडिया, एनटीपीसी, एक्सिस बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।
दूसरी तरफ नुकसान में रहने वाले शेयरों में टेक महिंद्रा, सन फार्मास्युटिकल्स, इन्फोसिस, टाइटन, टाटा मोटर्स, लार्सन एंड टुब्रो और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज शामिल हैं।
टाटा समूह की कंपनियों के शेयरों में 15 प्रतिशत की तेजी रही। टाटा इनवेस्टमेंट कॉरपोरेशन, टाटा केमिकल्स और टाटा टेलीसर्विसेज प्रमुख रूप से लाभ में रहीं।
टाटा संस के मानद चेयरमैन रतन टाटा का बुधवार को निधन हो गया। वह 86 साल के थे।
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की, हांगकांग का हैंगसेंग, चीन का शंघाई कम्पोजिट और दक्षिण कोरिया का कॉस्पी बढ़त में रहे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में गिरावट का रुख था। अमेरिकी बाजार बुधवार को लाभ में रहे थे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.37 प्रतिशत की बढ़त के साथ 77.63 डॉलर प्रति बैरल रहा।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बुधवार को 4,562.71 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर बेचे। जबकि घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 3,508.61 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
सेंसेक्स बुधवार को 167.71 अंक टूटा था जबकि निफ्टी में 31.20 अंक की गिरावट आई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Oct 10, 2024 04:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

