एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | प्रमुख कंपनियों के शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स 1,293 अंक उछला, निफ्टी का नया रिकॉर्ड

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों में पांच दिनों से जारी गिरावट पर शुक्रवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स में 1,293 अंक का उछाल दर्ज किया गया। तेजी के बीच एनएसई निफ्टी भी 24,834 अंक के नये शिखर पर बंद हुआ।

जरुरी जानकारी | प्रमुख कंपनियों के शेयरों में लिवाली से सेंसेक्स 1,293 अंक उछला, निफ्टी का नया रिकॉर्ड

नई दिल्ली, 26 जुलाई स्थानीय शेयर बाजारों में पांच दिनों से जारी गिरावट पर शुक्रवार को विराम लगा और बीएसई सेंसेक्स में 1,293 अंक का उछाल दर्ज किया गया। तेजी के बीच एनएसई निफ्टी भी 24,834 अंक के नये शिखर पर बंद हुआ।

निचले स्तर पर शेयरों की लिवाली और रिलायंस इंडस्ट्रीज जैसी प्रमुख कंपनियों के शेयरों में तेजी से बाजार बढ़त में रहा।

बीएसई के 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स 1,292.92 अंक यानी 1.62 प्रतिशत उछलकर 81,332.72 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 1,387.38 अंक तक चढ़ गया था।

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 428.75 अंक यानी 1.76 प्रतिशत चढ़कर 24,834.85 अंक के नये शिखर पर बंद हुआ। निफ्टी के 50 शेयरों में से 47 लाभ में जबकि तीन नुकसान में रहे।

इसके बाद बाजार में पिछले शुक्रवार से जारी गिरावट का सिलसिला थम गया। इन पांच कारोबारी सत्रों में बीएसई सेंसेक्स 1,303.66 अंक यानी 1.60 अंक टूट गया था। वहीं निफ्टी 394.75 अंक यानी 1.59 नीचे आया था।

सेंसेक्स में शामिल नेस्ले को छोड़कर अन्य सभी शेयर लाभ में रहे। भारती एयरटेल सबसे ज्यादा 4.51 प्रतिशत लाभ में रहा। अदाणी पोर्ट्स, सन फार्मा, टाटा स्टील, एचसीएल टेक्नोलॉजीज, इन्फोसिस, जेएसडब्ल्यू स्टील और महिंद्रा एंड महिंद्रा प्रमुख रूप से लाभ में रहे।

वहीं नुकसान में रहने वाली एकमात्र कंपनी नेस्ले में 0.07 प्रतिशत की गिरावट आई।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘अगले महीने के लिए वायदा एवं विकल्प कारोबार की शुरूआत के साथ घरेलू बाजार में जोरदार तेजी आई और बाजार केंद्रीय बजट को लेकर आई गिरावट से बाहर आ गया। बाजार में तेजी का कारण अमेरिका में जीडीपी (सकल घरेलू उत्पाद) आंकड़ा उम्मीद से बेहतर रहना है। यह वैश्विक मांग के लिहाज से अच्छा है।’’

नायर ने कहा कि निवेशक गिरावट पर खरीद की रणनीति अपना रहे हैं। इसके साथ ही कंपनियों के तिमाही परिणाम और शेयर केंद्रित रुख पर ध्यान है। धातु और प्रमुख आईटी कंपनियों एवं मझोली कंपनियों में लाभ देखा गया।’’

मझोली कंपनियों के शेयरों का प्रतिनिधित्व करने वाला मिडकैप सूचकांक 2.12 प्रतिशत चढ़ गया जबकि छोटी कंपनियों से जुड़ा स्मॉलकैप सूचकांक एक प्रतिशत नीचे आया।

रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजीत मिश्रा ने कहा, ‘‘बाजार में तेजी को आईटी और धातु शेयरों के बेहतर प्रदर्शन से धारणा में सुधार से गति मिली। साथ ही वायदा एवं विकल्प खंड में अगले महीने का कारोबार शुरू होने से भी बाजार ऊपर चढ़ा। अधिक शेयरों का प्रतिनिधित्व करने वाले शेयरों में भी स्थिति मजबूत रही।’’

साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स 728.07 अंक यानी 0.90 प्रतिशत तथा निफ्टी 303.95 अंक यानी 1.23 प्रतिशत की बढ़त के साथ बंद हुआ।

एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग लाभ में जबकि जापान का निक्की नुकसान में रहा।

यूरोप के बाजार सकारात्मक दायरे में कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को नुकसान में रहा था।

वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.40 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82.04 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 2,605.49 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की बिकवाली की।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 26, 2024 05:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).