जरुरी जानकारी | भारत-पाक तनाव बढ़ने से सेंसेक्स, निफ्टी में एक प्रतिशत की गिरावट
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव बढ़ने और व्यापक संघर्ष की आशंका से प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।
मुंबई, नौ मई भारत और पाकिस्तान के बीच सीमा पर तनाव बढ़ने और व्यापक संघर्ष की आशंका से प्रमुख शेयर सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी में शुक्रवार को एक प्रतिशत से अधिक की गिरावट दर्ज की गई।
बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स पिछले दिन की गिरावट को जारी रखते हुए 880.34 अंक यानी 1.10 प्रतिशत गिरकर 79,454.47 पर बंद हुआ।
बीएसई पर 2,522 शेयरों में गिरावट आई, 1,343 में तेजी आई और 145 शेयरों में कोई बदलाव नहीं हुआ।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी भी 265.80 अंक यानी 1.10 प्रतिशत गिरकर 24,008 अंक पर बंद हुआ।
भारत ने बृहस्पतिवार रात को जम्मू और पठानकोट सहित विभिन्न सैन्य ठिकानों पर ड्रोन और मिसाइलों से हमला करने के पाकिस्तान के प्रयासों को विफल कर दिया।
इससे पहले भारतीय सशस्त्र बलों ने बुधवार तड़के ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) और पाकिस्तान में मौजूद नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक मिसाइल हमले किए थे। यह कार्रवाई पहलगाम हमले में 26 लोगों की मौत के जवाब में की गई।
जियोजित इन्वेस्टमेंट लिमिटेड के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, “संघर्ष की आशंका थी, लेकिन बाजार को स्थिति के और गंभीर होने का अनुमान नहीं था, जिससे इसकी समय को लेकर चिंता बढ़ गई। हालांकि, रणनीतिक लाभ और प्रतिद्वंद्वी की कमजोर आर्थिक स्थिति को देखते हुए, यह अभी भी एक अल्पकालिक टकराव होने का अनुमान है।”
उन्होंने कहा, “दिलचस्प बात यह है कि विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बृहस्पतिवार तक भारतीय बाजार में निवेश करना जारी रखा, जबकि खुदरा निवेशक इस समय थोड़े सतर्क हैं।”
सेंसेक्स की कंपनियों में से आईसीआईसीआई बैंक, पावर ग्रिड, अल्ट्राटेक सीमेंट, बजाज फाइनेंस, एचडीएफसी बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, बजाज फिनसर्व, अदाणी पोर्ट्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा और एनटीपीसी में उल्लेखनीय गिरावट हुई।
दूसरी ओर टाइटन, लार्सन एंड टुब्रो, टाटा मोटर्स, भारतीय स्टेट बैंक और एशियन पेंट्स के शेयर बढ़त के साथ बंद हुए।
सीमा पर तनाव गहराने के बीच साप्ताहिक आधार पर बीएसई सेंसेक्स में 1,047.52 अंक यानी 1.30 प्रतिशत और एनएसई निफ्टी में 338.7 अंक यानी 1.39 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई।
बजाज ब्रोकिंग रिसर्च ने कहा, “प्रमुख सूचकांकों ने नौ मई को लगातार दूसरे सत्र में गिरावट जारी रखी, क्योंकि भू-राजनीतिक तनाव ने अन्य सकारात्मक वैश्विक संकेतों को फीका कर दिया। साप्ताहिक आधार पर सेंसेक्स और निफ्टी दोनों में गिरावट आना जोखिम लेने से परहेज करने की धारणा को दर्शाता है।”
बीएसई स्मॉलकैप सूचकांक में 0.30 प्रतिशत और मिडकैप सूचकांक में 0.10 प्रतिशत की गिरावट आई।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 2,007.96 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और चीन का शंघाई कंपोजिट गिरावट के साथ बंद हुए। दूसरी ओर जापान का निक्की और हांगकांग का हैंगसेंग हरे निशान में बंद हुए।
यूरोपीय बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़कर बंद हुए।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.53 प्रतिशत चढ़कर 63.80 डॉलर प्रति बैरल के भाव पर पहुंच गया।
बृहस्पतिवार को बीएसई सेंसेक्स 411.97 अंक की गिरावट के साथ 80,334.81 और एनएसई निफ्टी 140.60 अंक की गिरावट के साथ 24,273.80 पर बंद हुआ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 09, 2025 05:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

