जरुरी जानकारी | उतार-चढ़ाव भरे कारोबार के बीच सेंसेक्स, निफ्टी स्थिर
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बृहस्पतिवार को दोनों मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी स्थिर रुख के साथ बंद हुए। विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी जारी रहने और वायदा एवं विकल्प खंड में मासिक सौदों के निपटान के अंतिम दिन बाजार में उतार-चढ़ाव आया।
मुंबई, 27 फरवरी उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बृहस्पतिवार को दोनों मानक सूचकांक बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी स्थिर रुख के साथ बंद हुए। विदेशी संस्थागत निवेशकों की पूंजी निकासी जारी रहने और वायदा एवं विकल्प खंड में मासिक सौदों के निपटान के अंतिम दिन बाजार में उतार-चढ़ाव आया।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 10.31 अंक यानी 0.01 प्रतिशत की मामूली बढ़त के साथ 74,612.43 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह ऊंचे में 74,834.09 अंक तक गया और नीचे में 74,520.78 अंक तक आया। यानी इसमें 313.31 अंक का उतार-चढ़ाव आया।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 2.50 अंक यानी 0.01 प्रतिशत फिसलकर 22,545.05 अंक पर बंद हुआ।
सेंसेक्स के शेयरों में बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, सन फार्मा, जोमैटो, टाटा स्टील और नेस्ले प्रमुख रूप से लाभ में रहे।
दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में अल्ट्राटेक सीमेंट, टाटा मोटर्स, महिंद्रा एंड महिंद्रा, कोटक महिंद्रा बैंक, टेक महिंद्रा और भारतीय स्टेट बैंक शामिल हैं।
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 3,529.10 करोड़ रुपये के शेयर बेचे।
शेयर बाजार बुधवार को ‘महाशिवरात्रि’ के मौके पर बंद थे।
रेलिगेयर ब्रोकिंग लि. के वरिष्ठ उपाध्यक्ष-शोध अजित मिश्रा ने कहा, ‘‘वायदा एवं विकल्प खंड में सौदों के निपटान के अंतिम दिन बाजार में सुस्ती रही और लगातार दूसरे दिन दोनों मानक सूचकांक लगभग अपरिवर्तित रहे। निफ्टी में शुरुआत में तेजी थी लेकिन यह कायम नहीं रह पायी और यह स्थिर बंद हुआ...।’’
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की और चीन का शंघाई कम्पोजिट लाभ में रहा, जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी और हांगकांग का हैंगसेंग नुकसान में थे।
यूरोप के प्रमुख बाजारों में ज्यादातर में गिरावट का रुख रहा। अमेरिकी बाजारों में बुधवार को मिला-जुला रुख था।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.69 प्रतिशत की बढ़त के साथ 73.03 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।
बीएसई सेंसेक्स मंगलवार को 147.71 अंक के लाभ में रहा था। हालांकि, एनएसई निफ्टी में 5.80 अंक की गिरावट आई थी।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Feb 27, 2025 04:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

