एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | मुनाफावसूली के कारण सेंसेक्स, निफ्टी स्थिर बंद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. शेयर बाजार में मंगलवार को कारोबार सीमित दायरे में रहा और बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों लगभग स्थिर बंद हुए। इसका मुख्य कारण पिछले कुछ सत्रों से बाजार में तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली रही।

जरुरी जानकारी | मुनाफावसूली के कारण सेंसेक्स, निफ्टी स्थिर बंद

मुंबई, 25 मई शेयर बाजार में मंगलवार को कारोबार सीमित दायरे में रहा और बीएसई सेंसेक्स और एनएसई निफ्टी दोनों लगभग स्थिर बंद हुए। इसका मुख्य कारण पिछले कुछ सत्रों से बाजार में तेजी के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली रही।

तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स 14.37 यानी 0.03 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 50,637.53 पर बंद हुआ।

दूसरी तरफ, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 10.75 यानी 0.07 प्रतिशत की हल्की बढ़त के साथ 15,208.45 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के शेयरों में 3 प्रतिशत से अधिक तेजी के साथ एशियन पेंट्स सर्वाधिक लाभ में रही। इसके अलावा टाइटन, बजाज फिनसर्व, ओएनजीसी, इन्फोसिस और टीसीएस समेत अन्य शेयर लाभ में रहे।

वहीं एचडीएफसी बैंक, एक्सिस बैंक, रिलायंस इंडस्ट्रीज, इंडसइंड बैंक और एचडीएफसी आदि शेयरों में गिरावट रही।

रिलायंस सिक्योरिटीज के रणनीति प्रमुख विनोद मोदी ने कहा, ‘‘घरेलू शेयर बाजार सीमित दायरे में रहे। बैंक और वित्तीय कंपनियों के शेयरों में पिछले दो दिनों की जोरदार तेजी के बाद मुनाफावसूली की गयी। जबकि अन्य शेयर सकारात्मक दायरे में रहे।’’

उन्होंने कहा कि धातु शेयरों में दो दिन की गिरावट के बाद तीव्र सुधार देखने को मिला। इस क्षेत्र की कंपनियों के चौथी तिमाही के वित्तीय परिणाम बेहतर रहने से निवेशकों की रूचि फिर से बढ़ी है।

हालांकि मोदी ने कहा कि निवेशकों की नजर कोविड-19 संक्रमितों की दैनिक संख्या पर होगी। इसके अलावा टीकाकरण की गति तथा राज्यों द्वारा अगले सप्ताह से ‘लॉकडाउन’ में ढील की उम्मीद पर निगाह होगी। पाबंदियों में ढील से बाजार को गति मिलनी चाहिए।

एशिया के अन्य बाजारों में शंघाई, हांगकांग, सोल और तोक्यो बढ़त में रहे।

यूरोप के प्रमुख बाजारों में भी शुरूआती कारोबार में तेजी का रुख रहा।

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 0.50 प्रतिशत की गिरावट के साथ 68.03 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on May 25, 2021 04:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).