जरुरी जानकारी | मुनाफावसूली हावी होने से सेंसेक्स, निफ्टी रिकॉर्ड स्तर से फिसले
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. स्थानीय शेयर बाजारों के एक दिन पहले रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद शुक्रवार को मुनाफावसूली का असर दिखा और दोनों मानक सूचकांक सेंसेक्स एवं निफ्टी हल्की गिरावट के साथ बंद हुए।
मुंबई, 13 सितंबर स्थानीय शेयर बाजारों के एक दिन पहले रिकॉर्ड स्तर पर पहुंचने के बाद शुक्रवार को मुनाफावसूली का असर दिखा और दोनों मानक सूचकांक सेंसेक्स एवं निफ्टी हल्की गिरावट के साथ बंद हुए।
उतार-चढ़ाव से भरे कारोबार में बीएसई का 30 शेयरों पर आधारित सूचकांक सेंसेक्स 71.77 अंक यानी 0.09 प्रतिशत गिरकर 82,890.94 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 309.49 अंक टूटकर 82,653.22 पर आ गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का सूचकांक निफ्टी 32.40 अंक यानी 0.13 प्रतिशत गिरकर 25,356.50 पर आ गया।
सेंसेक्स के समूह में शामिल कंपनियों में से अदाणी पोर्ट्स को सर्वाधिक 1.37 प्रतिशत का नुकसान उठाना पड़ा। इसके बाद आईटीसी, भारती एयरटेल, एनटीपीसी, मारुति, एशियन पेंट्स, सन फार्मा, पावर ग्रिड, हिंदुस्तान यूनिलीवर और लार्सन एंड टुब्रो के शेयर भी गिरकर बंद हुए।
इसके उलट बजाज फिनसर्व, बजाज फाइनेंस, इंडसइंड बैंक, टाटा स्टील, एक्सिस बैंक और टेक महिंद्रा के शेयरों में तेजी का रुख देखने को मिला।
जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, "पिछले सत्र में आई तेज उछाल के बाद बाजार ने राहत की सांस ली और लगभग स्थिर स्तर पर बंद हुआ। घरेलू खुदरा मुद्रास्फीति आरबीआई के तय दायरे के भीतर होने के बावजूद खाद्य कीमतों में तेजी रिजर्व बैंक को नीतिगत दर पर विवेकपूर्ण बने रहने के लिए प्रभावित कर सकती है।
नायर ने कहा, "घरेलू बाजार में विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) की तरफ से अधिक खरीदारी आने और अमेरिकी बॉन्ड प्रतिफल में गिरावट ने अमेरिकी फेडरल रिजर्व के दर में कटौती की संभावनाओं को बढ़ा दिया है। इससे घरेलू निवेशकों की धारणा को बल मिलेगा।"
बृहस्पतिवार को जारी आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, अगस्त में खुदरा मुद्रास्फीति 3.65 प्रतिशत रही। हालांकि सब्जियों और दालों की कीमतों में दहाई अंकों में वृद्धि देखी गई।
एशिया के अन्य बाजारों में जापान का निक्की और चीन का शंघाई कंपोजिट गिरकर बंद हुए जबकि दक्षिण कोरिया का कॉस्पी एवं हांगकांग का हैंगसेंग बढ़त पर रहा।
यूरोपीय बाजार बढ़त के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को बढ़त के साथ बंद हुए थे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.03 प्रतिशत बढ़कर 72.71 प्रति बैरल पर पहुंच गया।
शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, एफआईआई ने बृहस्पतिवार को 7,695 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध खरीद की।
बीएसई सेंसेक्स बृहस्पतिवार को कारोबार के दौरान पहली बार 83,000 के स्तर को पार करने के बाद 1,439.55 अंक उछलकर 82,962.71 के रिकॉर्ड स्तर पर बंद हुआ था। एनएसई निफ्टी भी 470.45 अंक बढ़कर 25,388.90 के रिकॉर्ड बंद स्तर पर बंद हुआ था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 13, 2024 04:28 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

