एजेंसी न्यूज

जरुरी जानकारी | सर्वकालिक उच्चस्तर को छूने के बाद फिसले सेसेंक्स, निफ्टी; नुकसान के साथ बंद

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईटी शेयरों में नुकसान तथा वैश्विक बाजारों के नकारात्मक रुख के बीच सोमवार को सेंसेक्स शुरुआती लाभ गंवाकर 189 अंक के नुकसान के साथ बंद हुआ। सरकार ने कोविड-19 महामारी से प्रभावित क्षेत्रों को राहत के लिए नए प्रोत्साहनों की घोषणा की है, लेकिन इससे बाजार में उत्साह का संचार नहीं हो पाया।

जरुरी जानकारी | सर्वकालिक उच्चस्तर को छूने के बाद फिसले सेसेंक्स, निफ्टी; नुकसान के साथ बंद

मुंबई, 28 जून रिलायंस इंडस्ट्रीज और आईटी शेयरों में नुकसान तथा वैश्विक बाजारों के नकारात्मक रुख के बीच सोमवार को सेंसेक्स शुरुआती लाभ गंवाकर 189 अंक के नुकसान के साथ बंद हुआ। सरकार ने कोविड-19 महामारी से प्रभावित क्षेत्रों को राहत के लिए नए प्रोत्साहनों की घोषणा की है, लेकिन इससे बाजार में उत्साह का संचार नहीं हो पाया।

कारोबारियों ने कहा कि फार्मा और धातु काउंटरों पर खरीदारी से बाजार का नुकसान कुछ सीमित हो गया।

बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स दिन में कारोबार के दौरान 53,126.73 अंक के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर तक गया। बाद में यह 189.45 अंक या 0.36 प्रतिशत के नुकसान से 52,735.59 अंक पर बंद हुआ।

इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 45.65 अंक या 0.29 प्रतिशत के नुकसान से 15,814.70 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी ने भी दिन में कारोबार के दौरान 15,915.65 अंक के अपने सर्वकालिक उच्चस्तर को छुआ।

सेंसेक्स की कंपनियों में टाइटन का शेयर सबसे अधिक 1.56 प्रतिशत टूट गया। टीसीएस, एचसीएल टेक, बजाज फिनसर्व, रिलायंस इंडस्ट्रीज, अल्ट्राटेक सीमेंट और भारती एयरटेल के शेयर भी नुकसान में रहे।

वहीं डॉ. रेड्डीज का शेयर 1.75 प्रतिशत चढ़ गया। फार्मा क्षेत्र की प्रमुख कंपनी ने अपनी कोविड-19 के इलाज की दवा 2-डिऑक्सी-डी-ग्लूकोज (2-डीजी) को वाणिज्यिक रूप से पेश किया है।

टाटा स्टील, टेक महिंद्रा, सनफार्मा, हिंदुस्तान यूनिलीवर तथा पावरग्रिड के शेयर 1.64 प्रतिशत तक चढ़ गए।

कोविड-19 महामारी प्रभावित अर्थव्यवस्था को उबारने के लिए वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने सोमवार को कई उपायों की घोषणा की। इन्हीं उपायों के तहत स्वास्थ्य ढांचे में सुधार के लिए 1.1 लाख करोड़ रुपये की ऋण गारंटी योजना की घोषणा की गई है। साथ ही आपात ऋण सुविधा गारंटी योजना (ईसीएलजीएस) के तहत सीमा को 50 प्रतिशत बढ़ाकर 4.5 लाख करोड़ कर दिया गया है।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘रिकॉर्ड उच्चस्तर पर खुलने बाद बाजार वैश्विक बाजारों के नकारात्मक रुख के बीच नकारात्मक दायरे में आ गया। एशिया भर में कोविड-19 के मामले बढ़ने से बाजारों में गिरावट आई।’’

बीएसई मिडकैप और स्मॉलकैप में 0.46 प्रतिशत का लाभ रहा।

अन्य एशियाई बाजारों में चीन के शंघाई कम्पोजिट, हांगकांग के हैंगसेंग, दक्षिण कोरिया के कॉस्पी तथा जापान के निक्की में गिरावट आई। दोपहर के कारोबार में यूरोपीय बाजार नुकसान में थे।

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय बेंचमार्क ब्रेंट कच्चा तेल 0.16 प्रतिशत के नुकसान से 75.26 प्रतिशत डॉलर पर आ गया।

अंतरबैंक विदेशी मुद्रा विनिमय बाजार में रुपया एक पैसे की बढ़त के साथ 74.19 प्रति डॉलर पर पहुंच गया।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 28, 2021 06:09 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).