जरुरी जानकारी | नए शिखर पर पहुंचने के बाद सेंसेक्स, निफ्टी में मामूली गिरावट
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on Information at LatestLY हिन्दी. तेजी के रथ पर सवार स्थानीय शेयर बाजारों के शुक्रवार को नए शिखर पर पहुंचने के बाद दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों, आईटी और स्वास्थ्य देखभाल कंपनियों में मुनाफावसूली हावी होने से मानक सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी मामूली गिरावट के साथ बंद हुए।
मुंबई, 24 मई तेजी के रथ पर सवार स्थानीय शेयर बाजारों के शुक्रवार को नए शिखर पर पहुंचने के बाद दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों, आईटी और स्वास्थ्य देखभाल कंपनियों में मुनाफावसूली हावी होने से मानक सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी मामूली गिरावट के साथ बंद हुए।
बीएसई का 30 शेयरों वाला सूचकांक सेंसेक्स 7.65 अंक यानी 0.01 प्रतिशत गिरकर 75,410.39 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 218.46 अंक यानी 0.28 प्रतिशत बढ़कर 75,636.50 के अपने सर्वकालिक उच्च स्तर पर भी पहुंच गया था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का मानक सूचकांक निफ्टी भी शुरुआती कारोबार में पहली बार 23,000 अंक के स्तर को पार कर गया। कारोबार के दौरान निफ्टी 58.75 अंक यानी 0.25 प्रतिशत चढ़कर 23,026.40 के अपने उच्चतम शिखर पर पहुंच गया। लेकिन बाद में बिकवाली के दबाव में यह 10.55 अंक यानी 0.05 प्रतिशत की मामूली गिरावट के साथ 22,957.10 अंक पर बंद हुआ।
लोकसभा चुनाव के नतीजे आने से पहले बाजार में बृहस्पतिवार को लगातार दूसरे दिन रिकॉर्ड तोड़ तेजी रही। आम चुनावों के नतीजे चार जून को घोषित किए जाएंगे।
सेंसेक्स की कंपनियों में शामिल टेक महिंद्रा, एशियन पेंट्स, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, महिंद्रा एंड महिंद्रा, टाइटन, जेएसडब्ल्यू स्टील और आईटीसी में प्रमुख रूप से गिरावट रही।
दूसरी तरफ, एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, लार्सन एंड टुब्रो, एनटीपीसी, एक्सिस बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयरों में बढ़त रही।
विदेशी संस्थागत निवेशक (एफआईआई) कई दिनों की बिकवाली के बाद बृहस्पतिवार को फिर से खरीदार बन गए। शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी निवेशकों ने बृहस्पतिवार को 4,670.95 करोड़ रुपये की इक्विटी खरीदी।
एशिया के अन्य बाजारों में दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंगसेंग गिरावट के साथ बंद हुए।
यूरोप के अधिकांश बाजार गिरावट के साथ कारोबार कर रहे थे। अमेरिकी बाजार बृहस्पतिवार को नुकसान के साथ बंद हुए थे।
वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.73 प्रतिशत गिरकर 80.77 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।
बृहस्पतिवार को सेंसेक्स और निफ्टी दोनों ही 1.6 प्रतिशत से अधिक की छलांग के साथ अपने अब तक के उच्चतम स्तर पर बंद हुए थे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on May 24, 2024 04:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

